Edited By Subhash Kapoor,Updated: 09 Feb, 2026 08:55 PM

भले ही पंजाब सरकार की ओर से ऑपरेशन प्रहार-2 शुरू कर दिया गया हो, लेकिन लगातार हो रही फिरौती और गोलीबारी की घटनाओं ने आम लोगों के दिलों में डर बैठा दिया है। जहां व्यापारी, खिलाड़ी और युवा डर के साए में जी रहे हैं, वहीं अब NRI भी पंजाब आने से कतराने...
गोराया (मुनीश) – भले ही पंजाब सरकार की ओर से ऑपरेशन प्रहार-2 शुरू कर दिया गया हो, लेकिन लगातार हो रही फिरौती और गोलीबारी की घटनाओं ने आम लोगों के दिलों में डर बैठा दिया है। जहां व्यापारी, खिलाड़ी और युवा डर के साए में जी रहे हैं, वहीं अब NRI भी पंजाब आने से कतराने लगे हैं। इसकी ताजा मिसाल गोराया के बड़ा गांव से सामने आई है, जहां अमेरिका से आने वाले एक NRI परिवार ने गांव आने से इन्कार कर दिया है।
इस संबंध में गांव के पूर्व पंचायत सदस्य और उनकी कोठी की देखभाल कर रहे युवक ने बताया कि गांव के निवासी कुलवंत सिंह कांता सहोता, जो अमेरिका के नागरिक हैं, के गांव स्थित घर पर हमला किया गया। इस घर में पिछले कई वर्षों से प्रवासी मजदूर रह रहा है। जानकारी के अनुसार दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को NRI कुलवंत सिंह अपने परिवार के साथ गांव आने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनके घर पर हमला कर डर का माहौल पैदा कर दिया गया। इस घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी उन पर हमले की साजिश का खुलासा खुद पुलिस द्वारा किया गया था।
इस ताजा हमले के बाद NRI परिवार ने सुरक्षा कारणों से गांव आने का फैसला रद्द कर दिया है। मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दे दी गई है। चौकी धुलेता के चौकी इंचार्ज सुखविंदर पाल सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
चौकी इंचार्ज सुखविंदर पाल सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने घर की खिड़कियों और रोशनदान के शीशे तोड़ दिए। फिलहाल उनके संज्ञान में किसी भी तरह की धमकी भरी कॉल आने की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

