Edited By Vatika,Updated: 19 May, 2026 02:29 PM

रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक जूता कारोबारी प्रिंकल ने पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के चलते हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने बदला लेने की नीयत से अपनी ही मासूम भतीजी (साले की बेटी) और एक अन्य जानकार की पत्नी की सामान्य तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील पोर्न तस्वीरों (डीपफेक) में बदल दिया। इसके बाद वह इन आपत्तिजनक तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने और पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
महिलाओं को लेकर Post की आपत्तिजनक वीडियो
पीड़ित परिवार की शिकायत पर मोती नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जूता कारोबारी गुरविंदरपाल सिंह उर्फ प्रिंकल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट, पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आर्म्स एक्ट की संगीन और गैर-जमानती धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन की शादी साल 2024 में फोकल पॉइंट के रहने वाले जूता कारोबारी गुरविंदर सिंह उर्फ प्रिंकल के साथ हुई थी। प्रिंकल को सोशल मीडिया का चस्का लगा हुआ था और वह इस कदर एडिक्ट था कि आए दिन घर में काम करती हुई अपनी ही पत्नी के वीडियो बनाकर जबरन सोशल मीडिया पर अपलोड कर देता था। आरोपी की इस ओछी हरकत से पूरा परिवार बेहद असहज और परेशान रहता था। इसी बीच आरोपी प्रिंकल का हनी सेठी नाम के एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद तैश में आकर प्रिंकल ने सोशल मीडिया पर हनी सेठी के घर की महिलाओं को लेकर बेहद भद्दी, अश्लील और अमर्यादित टिप्पणियां पोस्ट कर दीं। अपने पति की इन घटिया हरकतों और रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर प्रिंकल की पत्नी अपने मायके वापस लौट आई।
आरोपी के खिलाफ पुलिस ने बिछाया जाल
पत्नी के घर छोड़कर जाने से बौखलाए जूता कारोबारी प्रिंकल का दिमाग सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने बदला लेने की ठानी। जुलाई 2024 में आरोपी ने अपने साले को फोन किया और जो कदम उठाया उसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। आरोपी ने उसकी 7 वर्षीय मासूम बेटी और अपने दुश्मन की पत्नी की तस्वीरों को एडिट करके उन्हें चाइल्ड पोर्नोग्राफी और न्यूड तस्वीरों में तब्दील कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल से उस के नंबर पर कॉल की और वीडियो कॉल के जरिए सरेआम हथियार (पिस्तौल) दिखाते हुए धमकाया कि अगर उसकी पत्नी वापस नहीं आई, तो वह इन अश्लील तस्वीरों को इंटरनेट और हर किसी के मोबाइल पर भेजकर पूरी दुनिया में वायरल कर देगा। इस खौफनाक और घिनौनी धमकी के बाद डरे-सहमे परिवार ने पुलिस की शरण ली। मोती नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जाल बिछा दिया है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और मासूम बच्चों के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले इस शातिर ब्लैकमेलर को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही इसे सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।