दुगरी में बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां झपटीं, मुंह पर रुमाल बांधे युवक CCTV में कैद

Edited By Vatika,Updated: 17 Aug, 2026 08:35 AM

ludhiana robbery news

महानगर के पॉश इलाके दुगरी में बेखौफ स्नैचरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।

लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके दुगरी में बेखौफ स्नैचरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दुगरी के प्रीत नगर में बच्चों को ट्यूशन छोड़ने जा रही एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए शातिर युवक उनके कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गया। पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी  कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद से इलाके के निवासियों में भारी रोष है और उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।|

बुजुर्ग महिला लहूलुहान हो गईं और दर्द से चीखने लगीं
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 12 अगस्त की शाम करीब 5:00 बजे दुगरी स्थित प्रीत नगर की गली नंबर 2 में घटी। बुजुर्ग महिला अपने पोते-पोतियों को ट्यूशन छोड़ने के लिए पैदल जा रही थीं। तभी पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने अचानक उन पर झपट्टा मारा और बड़ी बेरहमी से उनके कानों में पहनी सोने की बालियां नोंच लीं। बालियां खिंचने के कारण बुजुर्ग महिला लहूलुहान हो गईं और दर्द से चीखने लगीं, लेकिन जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आरोपी तेजी से दौड़कर फरार हो गया। वारदात का एक स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बुजुर्ग महिला के आगे दो बच्चे खेलते हुए जा रहे हैं और महिला उनके पीछे चल रही हैं। इसी दौरान पीछे से मुंह पर रुमाल बांधे एक संदिग्ध युवक आता है।

परिवार और मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल
पहचान छिपाने के लिए उसने अपना चेहरा ढका हुआ था। वह तेजी से महिला के बिल्कुल करीब पहुंचता है और पलक झपकते ही दोनों कानों से बालियां झपटकर गलियों से भाग निकलता है। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने थाना दुगरी  में लिखित शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी। परिजनों का गंभीर आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने और साफ फुटेज मौजूद होने के बावजूद पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे परिवार और मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है। पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस कमिश्नर लुधियाना से मांग की है कि दुगरी और आसपास की गलियों में पीसीआर की गश्त बढ़ाई जाए। लोगों का कहना है कि स्नैचिंग की बढ़ती वारदातों पर नकेल कसने के लिए आरोपी की जल्द शिनाख्त कर उसे सलाखों के पीछे भेजा जाए।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!