Edited By Vatika,Updated: 13 Mar, 2026 09:58 AM

महानगर में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिन-दिहाड़े
लुधियाना(राज): महानगर में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिन-दिहाड़े और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला केसरगंज चौक के पास से सामने आया है, जहां बाइक सवार दो अज्ञात झपटमारों ने एक महिला को अपना निशाना बनाया। लुटेरे महिला के कानों से सोने की बालियां झपटकर बड़ी आसानी से रफूचक्कर हो गए।
जानकारी के अनुसार राजू देवी अपने परिजन के साथ एक्टिवा पर सवार होकर सुखसागर दवाखाना की ओर जा रही थी। जैसे ही वे केसरगंज चौक के पास पहुंचे और सड़क क्रॉस करने के लिए एक्टिवा की रफ्तार धीमी की, तभी पीछे से आए एक मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश लुटेरों ने झपट्टा मार दिया। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने चलती गाड़ी पर ही राजू देवी के कानों में पहनी हुई सोने की बालियां खींच लीं। शातिर लुटेरे भीड़ का फायदा उठाकर गलियों में गायब हो गए।
घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची थाना डिविजन नंबर 1 की पुलिस टीम ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर के मुख्य चौकों और रास्तों पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि लुटेरों के भागने के रूट और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।