Edited By Vatika,Updated: 12 Mar, 2026 09:24 AM

महानगर के इलाके ऋषि नगर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं
लुधियाना (राज): महानगर के इलाके ऋषि नगर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे लोगों के घरों के बाहर भी सुरक्षित नहीं रहने दे रहे। ताजा मामले में एक प्रॉपर्टी डीलर पर करीब आठ हथियारबंद युवकों ने उस समय जानलेवा हमला कर दिया, जब वह अपने घर के बाहर शांति से कुर्सी पर बैठे थे। हमलावरों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए करीब डेढ़ मिनट तक प्रॉपर्टी डीलर पर हथियारों से प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर बलजीत सिंह ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे, तभी दो युवक स्कूटी पर सवार होकर वहां से गुजरे। कुछ ही पलों में वे वापस लौटे और जानबूझकर स्कूटी उनके ऊपर चढ़ा दी। इसी बीच दूसरी तरफ से तीन दोपहिया वाहनों पर सवार होकर छह और हमलावर मौके पर पहुंच गए। इन सभी आठों युवकों के हाथों में घातक हथियार थे और उन्होंने बिना कुछ सोचे-समझे हमला बोल दिया।
मारपीट इतनी भयावह थी कि बलजीत सिंह जमीन पर गिर गए और लहूलुहान हो गए, जबकि हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित बलजीत सिंह का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं, फिर भी पुलिस ढुलमुल रवैया अपना रही है। वहीं, दूसरी ओर मामले की जांच कर रहे एएसआई कमलजीत सिंह का कहना है कि पुलिस के हाथ अब सीसीटीवी फुटेज लग चुकी है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।