Ludhiana : जिम में मौत का वर्कआउट: ट्रेनर ने जबरन लगवाया युवक से 'ओवरवेट',  बुझा घर का चिराग!

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 05 Jul, 2026 06:51 PM

ludhiana fatal workout trainer forced young man to lift excessive weight

महानगर के टिब्बा रोड स्थित गोपाल नगर चौक इलाके में फिटनेस के नाम पर चल रही बड़ी लापरवाही और धंधे ने एक हंसते-खेलते 21 वर्षीय युवक की जान ले ली। यहाँ 'सिद्धू जिम' में कथित तौर पर एक नौसिखिए और गैर-जिम्मेदार जिम ट्रेनर द्वारा लेग प्रेस मशीन पर क्षमता...

लुधियाना, (राज): महानगर के टिब्बा रोड स्थित गोपाल नगर चौक इलाके में फिटनेस के नाम पर चल रही बड़ी लापरवाही और धंधे ने एक हंसते-खेलते 21 वर्षीय युवक की जान ले ली। यहाँ 'सिद्धू जिम' में कथित तौर पर एक नौसिखिए और गैर-जिम्मेदार जिम ट्रेनर द्वारा लेग प्रेस मशीन पर क्षमता से अधिक वजन डलवाने के कारण शिवम नाम के युवक की रीढ़ की हड्डी की नस बुरी तरह दब गई। पिछले 22 दिनों से अस्पताल और पीजीआई में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे शिवम ने आखिरकार दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया और हताश परिजनों व स्थानीय लोगों ने जिम के बाहर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख जिम मालिक और आरोपी ट्रेनर ताला लगाकर फरार हो गए हैं।

पीड़ित पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि शिवम अपनी फिटनेस के लिए रोजाना सिद्धू जिम में वर्कआउट करने जाता था। आरोप है कि 22 दिन पहले रूटीन वर्कआउट के दौरान 21 साल के ट्रेनर ने शिवम को लेग प्रेस मशीन पर हैवी वेट लगाने की जिद की। शिवम के मना करने के बावजूद ट्रेनर ने मशीन में अचानक क्षमता से बहुत ज्यादा वजन लोड कर दिया। जैसे ही शिवम ने उस भारी-भरकम वजन को पैरों से पुश करने का प्रयास किया, उसकी पीठ और कमर में भयानक कड़ाका हुआ। भारी वजन के असहनीय दबाव के कारण शिवम वहीं जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। हादसे के तुरंत बाद बेसुध हालत में शिवम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि भारी वजन के दबाव के कारण उसकी रीढ़ की हड्डी की मुख्य नस बुरी तरह से ब्लॉक और डैमेज हो चुकी है। हालत नाजुक होती देख उसे तुरंत पीजीआई रेफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों और वेंटिलेटर के सपोर्ट के बावजूद पिछले 22 दिनों से उपचाराधीन शिवम की सांसें टूट गईं और उसकी मौत हो गई।

पारिवार के मुताबिक, शिवम के पिता का साया सिर से पहले ही उठ चुका था। घर में उसकी बूढ़ी मां (जो हाउसवाइफ हैं), एक छोटा भाई और एक बहन है। पूरे घर का गुजारा चलाने वाला इकलौता कमाने वाला सदस्य शिवम ही था, जो एक निजी कंपनी में चेकिंग और पैकिंग का काम करके अपनी मां का पेट पालता था। उसकी मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

शिवम की मौत की खबर मिलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया और सैकड़ों लोगों ने सिद्धू जिम का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को भांपते हुए थाना टिब्बा की पुलिस मौके पर पहुँचीं। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे भड़के हुए परिजनों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि इस मौत के जिम्मेदार जिम मालिक और 21 वर्षीय आरोपी ट्रेनर को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!