Edited By Vatika,Updated: 07 Sep, 2026 09:22 AM

परिंगल ग्राउंड में ई-रिक्शा की ड्राइविंग सीट पर मिला 30 वर्षीय युवक का शव: नशे की ओवरडोज की आशंका; पुलिस बोली—जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह
लुधियाना (राज): थाना दरेसी के अधीन आते परिंगल ग्राउंड में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वहां खड़ी एक ई-रिक्शा की ड्राइविंग सीट पर 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान मुन्ना (30) के रूप में हुई है, जो इलाके की एक स्थानीय फैक्ट्री में ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। दोपहर से अचानक लापता हुए युवक की तलाश में परिजन और फैक्ट्री मालिक जुटे हुए थे, लेकिन शाम के वक्त ग्राउंड में खड़ी रिक्शा में उसकी लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
फैक्ट्री मालिक नवीन ने बताया कि मुन्ना रोजाना की तरह काम पर था, लेकिन दोपहर करीब 12:00 बजे से अचानक लापता हो गया। परिवार के सदस्य और फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। नवीन के अनुसार, दोपहर 12 बजे के बाद उन्होंने मुन्ना के मोबाइल पर कई बार कॉल की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। शाम के समय जब परिंगल ग्राउंड के आसपास अचानक शोर मचा और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, तब जाकर परिजनों और फैक्ट्री प्रबंधन को सूचना मिली कि ग्राउंड में खड़ी ई-रिक्शा के भीतर मुन्ना बेसुध पड़ा है। मौके पर जाकर देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी।
घटनास्थल पर एकत्रित आसपास के लोगों ने अंदेशा जताया कि मुन्ना कथित तौर पर नशे का आदी था, जिसके चलते आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत नशे की ओवरडोज से हुई हो सकती है। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जब तक मेडिकल और वैज्ञानिक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक मौत के सही कारणों पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।