शराब के ठेकों के बाहर खुले में जाम छलकाने वालों पर निहंग सिंहों का Action:, डंडे लेकर दौड़ाया

Edited By Vatika,Updated: 29 Aug, 2026 12:06 PM

ludhiana crime news

महानगर में शराब के ठेकों के बाहर खुलेआम सड़क पर जाम छलकाने और हुड़दंग मचाने वाले शराबियों के

लुधियाना, (राज): महानगर में शराब के ठेकों के बाहर खुलेआम सड़क पर जाम छलकाने और हुड़दंग मचाने वाले शराबियों के खिलाफ अब जनता का आक्रोश फूटने लगा है। पुलिस प्रशासन की कथित ढिलाई और अनदेखी से परेशान होकर स्थानीय निवासियों ने निहंग जत्थेबंदियों की शरण ली है। इसी कड़ी में शिवपुरी इलाके में स्थित शराब के ठेकों के बाहर निहंग कुलदीप सिंह खालसा की अगुवाई में अचानक छापेमारी की गई। इस दौरान सड़क पर बैठकर शराब पी रहे पियक्कड़ों की निहंग सिंहों ने जमकर 'छित्तर परेड' की। कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शराबी जान बचाकर भागते और निहंग डंडे लेकर उनके पीछे दौड़ते नजर आ रहे हैं।

शाम ढलते ही सजती हैं सड़कें, राहगीरों का निकलना मुहाल
शहर के अधिकांश शराब के ठेकों के बाहर शाम होते ही हालात बद से बदतर हो जाते हैं। फैक्ट्रियों और दफ्तरों से छुट्टी के समय ठेकों पर भारी भीड़ जुटती है। कई लोग समूह बनाकर बोतल खरीदते हैं और फुटपाथ व मुख्य सड़कों पर ही गाड़ियां व मोटरसाइकिलें खड़ी कर शराब बांटने लगते हैं। सड़क किनारे महफिलें सजने से रास्ते संकरे हो जाते हैं और आम वाहन चालकों को भारी जाम का सामना करना पड़ता है।

महिलाओं की सुरक्षा खतरे में, सरेआम फब्तियां कसते हैं हुड़दंगी
शराबियों के इस जमावड़े के कारण आसपास के रिहायशी इलाकों का माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका है। शराब के नशे में धुत असामाजिक तत्व वहां से गुजरने वाली महिलाओं, युवतियों और बच्चों पर अभद्र टिप्पणियां व फब्तियां कसते हैं। कई मुख्य मार्गों से शाम के समय परिवारों और महिलाओं का पैदल निकलना तक असुरक्षित हो चुका है।

पुलिस की अनदेखी और ठेकेदारों की दबंगई से लोग बेबस
स्थानीय निवासियों में पुलिस प्रशासन और ठेकेदारों के खिलाफ गहरा रोष है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की पीसीआर (PCR) गाड़ियां रोजाना ठेकों के सामने से गुजरती हैं, लेकिन न तो खुले में शराब पीने वालों को रोका जाता है और न ही नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ठेकेदारों पर कोई कार्रवाई होती है।ठेकेदार अधिक कमाई के चक्कर में ठेकों के बाहर अहाते जैसी स्थिति बना देते हैं। जब कोई स्थानीय नागरिक या दुकानदार इसका विरोध करता है, तो ठेकेदार के करिंदे मारपीट और धमकियों पर उतर आते हैं।

तंग आकर निहंग सिंहों के पास पहुंचे इलाके के लोग
प्रशासनिक सुनवाई न होने के चलते आखिरकार स्थानीय लोगों ने निहंग सिंहों से संपर्क साधा और इलाके में शांति व सुरक्षा बहाल करवाने की गुहार लगाई। निहंग कुलदीप सिंह खालसा ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस-प्रशासन ने ठेकों के बाहर खुले में शराब पीने और गुंडागर्दी करने वालों पर सख्त शिकंजा नहीं कसा, तो वे शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह खुद मोर्चा संभालेंगे और शराबियों व अवैध अहाते चलाने वालों को सबक सिखाएंगे।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!