लुधियाना के ATM में BJP नेता से लूट का प्रयास: पिस्तौल तानने वाले आरोपी से भिड़े, वारदात CCTV में कैद

Edited By Vatika,Updated: 29 Aug, 2026 12:06 PM

ludhiana bjp leader atm robbery

साहनेवाल मेन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम में नकदी जमा करवाने पहुंचे

लुधियाना, (राज): साहनेवाल मेन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम में नकदी जमा करवाने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक स्थानीय नेता से गन प्वाइंट पर लूटपाट करने की सनसनीखेज कोशिश का मामला सामने आया है।

हालांकि, नेता ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए न केवल लुटेरे के मंसूबे नाकाम किए, बल्कि उसकी पिस्तौल छीनकर उसे खींचते हुए बाहर निकाल दिया। इस पूरी वारदात का 1 मिनट 30 सेकंड का लाइव सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वहीं, आरोपी को मौके पर पकड़कर सौंपने के बावजूद पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने पर भाजपा नेताओं ने कड़ा रोष जताया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित भाजपा साहनेवाल मंडल के महासचिव हैं, जो प्रॉपर्टी और ईंट-भट्ठे का कारोबार करते हैं। बीती 25 अगस्त की शाम करीब 6:40 बजे वह साहनेवाल मेन रोड पर स्थित PNB बैंक के एटीएम में 1.50 लाख रुपये जमा करवाने पहुंचे थे। मशीन में अकाउंट नंबर दर्ज करने के बाद जैसे ही वह 50 हजार रुपये की पहली किश्त मशीन में डालने लगे, तभी पीछे से एक नकाबपोश हथियारबंद बदमाश अंदर दाखिल हो गया। सामने आए 1 मिनट 30 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि नेता अपने साइड बैग से कैश निकालकर मशीन में डाल रहे हैं। तभी मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक अंदर आता है, अपने बैग से पिस्तौल निकालता है और सीधे नेता पर तानकर पैसे छीनने की कोशिश करता है। अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय भाजपा नेता ने अदम्य साहस दिखाया। उन्होंने तुरंत लुटेरे का हाथ और पिस्तौल पकड़ ली। दोनों के बीच एटीएम के अंदर ही जोरदार हाथापाई हुई, जिसके बाद नेता लुटेरे को काबू करते हुए घसीटकर एटीएम से बाहर ले आए। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को दबोचकर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया था। लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा मामले में ठोस कानूनी कार्रवाई न किए जाने से रोष फैल गया है।भाजपा नेता सन्नी कैंथ ने लूट के प्रयास का लाइव सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करते हुए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन की लचर कार्यशैली पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। भाजपा नेता सन्नी कैंथ ने आरोप लगाया कि जब जनता और नेता खुद जान जोखिम में डालकर लुटेरों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर रहे हैं, तब भी पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है और ढीली कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आला पुलिस अधिकारियों से आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!