बदमाशों ने पेट पर चाकू तानकर लूटा बैग, MC इंस्पेक्टर ने जान पर खेलकर दिखाई दिलेरी

Edited By Vatika,Updated: 14 Oct, 2026 09:51 AM

ludhiana robbery news

महानगर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों और हथियारबंद लुटेरों ने घोड़ा छाप कॉलोनी रोड पर देर रात जमकर

लुधियाना(राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों और हथियारबंद लुटेरों ने घोड़ा छाप कॉलोनी रोड पर देर रात जमकर उत्पात मचाया। दफ्तर से घर लौट रहे ट्रांसपोर्ट कंपनी के दो कर्मचारियों को घेरकर तीन हथियारबंद बदमाशों ने पेट पर चाकू तान दिया और विरोध करने पर दातर से हमला कर एक युवक को लहूलुहान कर दिया। इसी दौरान वहां से अपनी निजी कार में गुजर रहे नगर निगम (MC) की तहबाजारी शाखा के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने  बहादुरी दिखाते हुए अकेले ही बदमाशों से मोर्चा ले लिया। इंस्पेक्टर ने अपनी कार से लुटेरों की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने इंस्पेक्टर की कार के अगले शीशे पर दातर से जोरदार वार कर शीशा चकनाचूर कर दिया और मौके पर दातर छोड़कर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

बदमाश ने  दातर से किया जानलेवा हमला
प्राप्त विवरण के अनुसार, पीड़ित शिवम दुबे ट्रांसपोर्टेशन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (TCI) में कार्यरत हैं। शिवम ने बताया कि वह इकबाल गंज चौक स्थित अपने दफ्तर से मंगलवार रात करीब 10 बजे अपने सहकर्मी मंजय भारद्वाज के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। जब वे घोड़ा छाप रोड पर नगर निगम स्टोर के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारकर रुकवा लिया। नीचे उतरते ही बदमाशों ने सबसे पहले उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और दोनों को सड़क किनारे ले जाकर घेर लिया। पीड़ित के अनुसार, लुटेरे बेहद आक्रामक थे। एक बदमाश ने शिवम के पेट पर चाकू अड़ा दिया, जबकि दूसरे ने मंजय भारद्वाज के पेट पर चाकू तान दिया और गाली-गलौज करते हुए मोबाइल व कीमती सामान निकालने को कहा। तीसरा बदमाश दोनों का बैग छीनने लगा। जब मंजय भारद्वाज ने लूट का विरोध किया, तो एक बदमाश ने उन पर दातर से जानलेवा हमला कर दिया। दातर मंजय की बाजू पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से कट गई और खून बहने लगा। बदमाश बैग छीनने में कामयाब हो गए, जिसमें करीब 35 से 40 हजार रुपये की नकदी, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।

दो बदमाश बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े
बदमाश जब दोनों युवकों से मोबाइल फोन छीनने की कोशिश कर रहे थे, उसी समय नगर निगम की तहबाजारी शाखा के इंस्पेक्टर सुनील कुमार अपनी कार से वहां से गुजरे रहे थे।सड़क किनारे युवकों को बदमाशों के चंगुल में फंसा और खून बहता देख इंस्पेक्टर ने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत बहादुरी दिखाई। उन्होंने अपनी कार सीधे लुटेरों की बाइक में दे मारी, जिससे दो बदमाश बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और अफरा-तफरी मच गई। इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने तुरंत कार से उतरकर उन्हें दबोचने की कोशिश की। पकड़े जाने के डर से एक बदमाश ने अपना दातर इंस्पेक्टर सुनील कुमार की कार के फ्रंट विंडशील्ड पर दे मारा, जिससे कार का अगला शीशा बुरी तरह टूट गया। हमले के दौरान हड़बड़ाहट में लुटेरों का दातर मौके पर ही सड़क पर गिर गया। इसके बाद तीनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग लेकर भागने में सफल रहे। हालांकि, इंस्पेक्टर की मुस्तैदी और दिलेरी के चलते दोनों पीड़ितों के महंगे मोबाइल फोन लुटने से बच गए और उनकी जान पर आया बड़ा खतरा टल गया। वारदात के बाद पीड़ित शिवम ने लहूलुहान साथी मंजय को देर रात सिविल अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार व मेडिकल करवाया। पीड़ित ने बताया कि वह रात को शिकायत देने थाना मोती नगर पहुंचे थे, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि वह बुधवार सुबह पुलिस को औपचारिक लिखित शिकायत सौंपेंगे।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!