Edited By Kamini,Updated: 08 Oct, 2026 11:29 AM

विदेश भेजने के नाम पर युवाओं को ठगने वाले कबूतरबाजों का जाल थमने का नाम नहीं ले रहा है।
लुधियाना (राज): विदेश भेजने के नाम पर युवाओं को ठगने वाले कबूतरबाजों का जाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में क्रोएशिया का वर्क परमिट और वीजा लगवाने का झांसा देकर एक युवक से 10 लाख रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर आरोपी ने पीड़ित को फर्जी दस्तावेज थमाकर पूरी रकम ऐंठ ली और बाद में न तो उसे विदेश भेजा और न ही उसके पैसे वापस लौटाए।
पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा करवाई गई गहन जांच के बाद आरोपी लवप्रीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज तैयार करने की धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित तजिंदर सिंह ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में औपचारिक शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने खुद को विदेश भेजने का अधिकृत कंसल्टेंट बताकर उससे संपर्क किया। आरोपी ने दावा किया कि उसकी क्रोएशिया की बड़ी कंपनियों में सीधी पहुंच है और वह बहुत कम समय में उसका वैध वर्क परमिट व वीजा जारी करवा देगा।
आरोपी की मीठी बातों और भरोसे में आकर तजिंदर सिंह विदेश जाकर रोजगार हासिल करने के लिए राजी हो गया।आरोपी ने प्रक्रिया आगे बढ़ाने और एम्बेसी फीस के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग समय पर कुल 10,00,000/- रुपये की भारी रकम वसूल कर ली। विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने पीड़ित को वर्क परमिट और वीजा से संबंधित कुछ दस्तावेज भी सौंपे। हालांकि, जब तजिंदर सिंह ने उन दस्तावेजों की प्रामाणिकता की जांच की, तो पता चला कि वे पूरी तरह जाली और फर्जी थे। जब पीड़ित ने इस पर आपत्ति जताई और तय समय पर विदेश भेजने का दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। लगातार समय बीतने के बाद जब आरोपी ने न तो पीड़ित को क्रोएशिया भेजा और न ही वैध वीजा दिलवाया, तो तजिंदर सिंह ने अपने 10 लाख रुपये वापस मांगे। पैसे वापस मांगने पर आरोपी साफ मुकर गया और जानबूझकर पीड़ित को आर्थिक नुकसान व मानसिक परेशानी में धकेल दिया।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस फर्जी एजेंट ने इलाके के अन्य युवकों को भी इसी तरह फर्जी वर्क परमिट देकर ठगी का शिकार बनाया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here