Edited By Kamini,Updated: 24 Oct, 2026 02:14 PM

पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के दुरुपयोग और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
जालंधर (धवन): पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के दुरुपयोग और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ हर संभव कदम उठाए जाएंगे और नशे के कारोबार को रोकने के लिए पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। नशे की बिक्री और तस्करी से जुड़े संवेदनशील इलाकों तथा नशे के हॉटस्पॉट की पहचान कर वहां छापेमारी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और इस अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नशे के दुरुपयोग के साथ-साथ डाक्टर की सलाह के बिना दवाइयों के सेवन और प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के गलत इस्तेमाल के प्रति भी लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे योग्य डाक्टर की सलाह के अनुसार ही दवाइयों का सेवन करें। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने आम जनता से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और नागरिकों का संयुक्त प्रयास जरूरी है। अभियान का उद्देश्य न केवल नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाना है, बल्कि लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ना भी है।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और संदिग्धों पर और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास नशे की बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस की ज़िम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज की मिली-जुली ज़िम्मेदारी है। लोगों के सपोर्ट, जागरूकता और सख्त पुलिस एक्शन से युवाओं को ड्रग्स से बचाने और पंजाब को ड्रग-फ्री बनाने की कोशिशों को और मजबूत किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here