जालंधर के वाहन चालकों से CP की अपील, कहा- आपका फोन इंतजार कर सकता है, लेकिन आपकी जिंदगी नहीं!

Edited By Kalash,Updated: 21 Oct, 2026 10:02 AM

jalandhar cp appeal to vehicle drivers

पुलिस कमिश्नरेट जालंधर की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

जालंधर (धवन): पुलिस कमिश्नरेट जालंधर की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने वाहन चालकों से अपील की कि वे गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन पर एक नजर डालना, मैसेज पढ़ना या फोन कॉल पर बात करना भी गंभीर सड़क हादसे का कारण बन सकता है। कुछ सैकेंड की लापरवाही न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल सकती है। उनका कहना है कि आपका फोन इंतजार कर सकता है, लेकिन आपकी जिंदगी नहीं।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने वाहन चालकों को सलाह दी कि वे गाड़ी चलाते समय टेक्स्ट मैसेज पढ़ने या भेजने, सोशल मीडिया स्क्रॉल करने और नोटिफिकेशन चैक करने से पूरी तरह परहेज करें। मोबाइल फोन पर बातचीत के कारण भी चालक का ध्यान सड़क और आसपास के यातायात से हट सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार चालक वही है जो वाहन चलाते समय सड़क पर पूरा ध्यान रखता है। लोगों को यात्रा शुरू करने से पहले अपना मोबाइल फोन सुरक्षित रख लेना चाहिए। यदि कोई जरूरी कॉल या संदेश प्राप्त होता है तो वाहन को किसी सुरक्षित रूप से उचित स्थान पर रोकने के बाद ही फोन का इस्तेमाल करना चाहिए।

पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने आम जनता से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए एक जिम्मेदार उदाहरण पेश करें। पुलिस ने संदेश दिया कि कोई भी मैसेज या फोन कॉल इंसानी जिंदगी से अधिक महत्वपूर्ण नहीं है। सड़क पर सतर्कता बरतकर और मोबाइल फोन से ध्यान भटकने से बचकर दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!