Edited By Vatika,Updated: 21 Oct, 2026 09:18 AM

शहर के बस्ती शेख इलाके में देर रात भोला मिल्क बार एंड कन्फेक्शनरी में अचानक भीषण आग लग गई।
जालंधर(सोनू): शहर के बस्ती शेख इलाके में देर रात भोला मिल्क बार एंड कन्फेक्शनरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कोल्ड ड्रिंक्स, पानी, चिप्स समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार के मुताबिक, इस हादसे में करीब 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद दुकानदार परिवार ने फायर ब्रिगेड पर समय पर फोन न उठाने और मौके पर देरी से पहुंचने के आरोप लगाए हैं। वहीं, दमकल विभाग के अधिकारी ने इन आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी।
17 जुलाई को टेकओवर की थी दुकान
दुकानदार सौरव भुल्लर ने बताया कि उन्होंने इसी साल 17 जुलाई को सरबजीत नाम के व्यक्ति से भोला मिल्क बार एंड कन्फेक्शनरी को टेकओवर किया था। दुकान का एग्रीमेंट उनके और उनके छोटे भाई के नाम पर है। उन्होंने बताया कि दुकान के पिछले हिस्से में पानी और कोल्ड ड्रिंक्स की करीब 200 से 250 पेटियां रखी हुई थीं। इसके अलावा चिप्स और अन्य सामान भी स्टॉक में मौजूद था। आग के कारण नया सामान और पुराना स्टॉक मिलाकर करीब 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
फायर ब्रिगेड पर फोन नहीं उठाने का आरोप
सौरव भुल्लर ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद उन्होंने और आसपास के लोगों ने कई बार फायर ब्रिगेड को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। उनका कहना है कि अगर दमकल की गाड़ी समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को कम किया जा सकता था। वहीं, दुकानदार के भाई ने घटना को लेकर शक जताया कि दुकान के पिछले हिस्से में खिड़की की तरफ से तार आदि के जरिए कोई शरारत की गई हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। परिवार ने पुलिस और प्रशासन से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है।
दमकल विभाग ने दी सफाई, दुकान में पटाखे होने की बात कही
दूसरी ओर, मौके पर पहुंचे लीडिंग फायर ऑफिसर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे तुरंत दमकल की गाड़ी लेकर घटनास्थल पर पहुंचे थे। उनके अनुसार, आग काफी भयानक थी और दुकान के अंदर पटाखे भी रखे हुए थे। पटाखे फटने के कारण आग और भड़क गई। फायर ब्रिगेड के समय पर न पहुंचने के आरोपों पर अधिकारी ने कहा कि सूचना मिलते ही कार्रवाई की गई और दूसरी गाड़ी भी मौके पर मंगवाई गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। दुकान के अंदर पटाखे रखे होने के मामले की जांच प्रशासन अपने स्तर पर करेगा।
निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग
घटना के बाद पीड़ित दुकानदार परिवार ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। परिवार का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए। इसके साथ ही परिवार ने हुए आर्थिक नुकसान के मुआवजे और आग लगने के बाद मदद मिलने में कथित देरी की भी जांच करने की मांग उठाई है। फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारणों और दुकानदार द्वारा जताए गए शक की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।