Edited By Kamini,Updated: 14 Oct, 2026 12:09 PM

जालंधर में लूटपाट की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। बुधवार सुबह काम पर जा रहे एक बुटीक कर्मी को एक्टिवा सवार 2 बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया और तलवार (किरपान) दिखाकर उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए।
जालंधर (मजहर): जालंधर में लूटपाट की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। बुधवार सुबह काम पर जा रहे एक बुटीक कर्मी को एक्टिवा सवार 2 बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया और तलवार (किरपान) दिखाकर उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि आरोपी वारदात के दौरान अपनी एक्टिवा मौके पर छोड़ गए, जो पुलिस के अनुसार खांबड़ा इलाके से चोरी की गई थी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, केशव नगर निवासी अनवर हुसैन पुत्र रहमान रफीक रोजाना की तरह बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपने काम पर निकले थे। सुबह करीब 7:12 बजे जब वह प्रकाशवती स्कूल और मुल्तानी जिम के नजदीक पहुंचे, तो एक्टिवा सवार 2 बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले किरपान दिखाकर उन्हें डराया और रुकने के लिए कहा। अनवर हुसैन के रुकते ही आरोपियों ने उन पर किरपान से हमला करने की कोशिश की और उनकी बाइक छीन ली। अनवर हुसैन ने बताया कि आरोपी अपनी एक्टिवा मौके पर छोड़कर उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक, जिसका नंबर PB08EZ3511 है, लेकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से वह घबरा गए और उन्हें काम पर जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
'रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा थी बाइक'
पीड़ित अनवर हुसैन बुटीक का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि काम पर आने-जाने के लिए बाइक ही उनका एकमात्र सहारा थी। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह दोबारा बाइक खरीद सकें। बाइक छिन जाने से उनके सामने रोजाना काम पर पहुंचने की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर बाइक बरामद करवाने की मांग की है।
इलाके में लूटपाट और चोरी की घटनाओं से लोग परेशान
अनवर हुसैन ने कहा कि इलाके में आए दिन लूटपाट, छीनाझपटी और चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
खांबड़ा से चोरी की गई थी एक्टिवा
वहीं, थाना डिवीजन नंबर-7 के एसएचओ ने बताया कि अनवर हुसैन के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा खांबड़ा इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों का पता लगाने के लिए कार्रवाई जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here