Edited By Kalash,Updated: 07 Sep, 2026 12:41 PM

नगर निगम जालंधर की ओर से कुछ साल पहले बस स्टैंड के निकट जसवंत मोटर्स के सामने लाखों रुपए खर्च कर स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाया गया था।
जालंधर (खुराना): नगर निगम जालंधर की ओर से कुछ साल पहले बस स्टैंड के निकट जसवंत मोटर्स के सामने लाखों रुपए खर्च कर स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाया गया था। इसका उद्देश्य बस स्टैंड के आसपास लगने वाली रेहड़ियों को एक जगह शिफ्ट करना था। निगम ने रेहड़ी वालों को यहां शिफ्ट करने का अभियान भी चलाया, लेकिन बाद में इस वेंडिंग जोन की सुध लेना ही भूल गया।
हालात यह हैं कि न तो यहां सभी रेहड़ियां शिफ्ट हो सकीं और न ही वेंडिंग जोन की उचित देखभाल हुई। अब यह जगह बदहाल हो चुकी है। पिछले एक साल से अधिक समय से यहां सीवरेज जाम होने के कारण गंदा पानी जमा है, जिससे दुकानदारों और वेंडरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वेंडिंग जोन के दुकानदार अनिल सबरवाल ने बताया कि वह कई बार नगर निगम अधिकारियों से सीवरेज की समस्या की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि गंदगी और सीवरेज के पानी के कारण ग्राहक भी उनकी दुकानों पर खाना खाने नहीं आते। ऐसे माहौल में कौन बैठकर खाना खाएगा।
अनिल सभ्रवाल ने कहा कि कुछ समय पहले मेयर और निगम कमिश्नर भी यहां आए थे और दुकानदारों को क्यूआर कोड लगाए गए थे। उन्हें बताया गया था कि निगम की ओर से काटी जाने वाली पर्ची की राशि अब सीधी खातों में डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि उस समय बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन आज वेंडिंग जोन की हालत देखकर लगता है कि इसे वेंडिंग जोन से नरक जोन बना दिया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बुधवार, 9 सितंबर तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वीरवार, 10 सितंबर को सभी रेहड़ी, ढाबे और खाने-पीने की दुकानें बंद कर इसकी चाबियां नगर निगम कमिश्नर और मेयर को सौंप दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सीवरेज का गंदा पानी दुकानों तक पहुंच चुका है और इसके बावजूद कोई अधिकारी मौके पर समस्या देखने नहीं आ रहा।
अनिल ने कहा कि जालंधर को साफ-सुथरा और बेहतर शहर बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर वेंडिंग जोन की स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। गंदे पानी के कारण यहां बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने निगम प्रशासन से तुरंत सीवरेज समस्या का समाधान करवाने की मांग की। इस मौके पर अनिल के साथ राजू भी मौजूद थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here