Edited By Urmila,Updated: 11 Apr, 2026 05:56 PM

मलोट क्षेत्र के यात्रियों के लिए रेलवे से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। बठिंडा-श्रीगंगानगर रेल मार्ग, जो कि मलोट से होकर गुजरता है, पर जल्द ही इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन संचालन शुरू होने जा रहा है।
मलोट (गोयल) : मलोट क्षेत्र के यात्रियों के लिए रेलवे से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। बठिंडा-श्रीगंगानगर रेल मार्ग, जो कि मलोट से होकर गुजरता है, पर जल्द ही इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन संचालन शुरू होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि मई महीने से इस ट्रैक पर पूरी तरह से बिजली से चलने वाली रेलगाड़ियां दौड़ने लगेंगी।
सूत्रों के अनुसार इस सेक्शन पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है और ट्रायल भी सफल रहा है, लेकिन अबोहर से श्रीगंगानगर के बीच पर्याप्त पावर सप्लाई न होने के कारण अभी तक इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था।
मिली जानकारी के अनुसार बल्लूआना में बन रहा ट्रैक्शन सब स्टेशन अब अंतिम चरण में है और इसे अप्रैल के अंत तक चालू कर दिया जाएगा। इसके शुरू होते ही पूरे रेल खंड को पर्याप्त बिजली आपूर्ति मिलने लगेगी, जिससे मई से इस रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेनों का संचालन संभव हो जाएगा।
इस सुविधा के शुरू होने से मलोट, अबोहर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अभी तक इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों को बठिंडा में इंजन बदलना पड़ता था, जिससे समय की देरी होती थी, लेकिन अब यह समस्या समाप्त हो जाएगी और यात्रा पहले से अधिक तेज और सुगम हो जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here