पंजाब में भाजपा की सरकार बनाओ, हरियाणा में लागू सभी योजनाएं पंजाब में भी लागू कर देंगे :नायब सिंह सैनी

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 03 May, 2026 11:13 PM

haryana cm nayab singh saini s statement

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आह्वान किया कि अगले विधानसभा चुनाव में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनाओ, हरियाणा में लागू की गई सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आपको या आपके किसी रिश्तेदार को...

पंजाब डैस्क - हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आह्वान किया कि अगले विधानसभा चुनाव में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनाओ, हरियाणा में लागू की गई सभी जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आपको या आपके किसी रिश्तेदार को मेरे लायक कोई काम हो तो "हरियाणा सीएम हाउस" के दरवाजे हमेशा खुले हैं, पूरी मदद की जाएगी।
 
सैनी आज पंजाब के लुधियाना में "महर्षि कश्यप जन्मोत्सव समारोह" को संबोधित कर रहे थे।
 
उन्होंने महर्षि कश्यप जी को नमन करते हुए कहा कि महर्षि कश्यप महान परोपकारी और प्रजापालक थे। उन्होंने समाज को एक नई दिशा देने के लिए स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों की रचना की। उन्होंने कश्यप समाज के इतिहास को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि इस समाज ने रामायण काल में निषाद जैसे बलशाली राजा दिये। राजा निषाद् ने ही वनवास के समय प्रभु श्री रामचंद्र जी को अपने यहां आश्रय दिया था। भक्त प्रहलाद भी इस समाज की देन हैं। दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पंच प्यारों में भाई हिम्मत सिंह कश्यप जी भी इसी समाज से थे।
 
नायब सिंह सैनी ने कश्यप समाज को साहसी, वीर, परिश्रमी और स्वाभिमानी बताया और कहा कि आप लोगों में अपार क्षमताएं हैं। आपको अभी बहुत आगे बढ़ना है। अपनी क्षमताओं का पूरा उपयोग करके आप न केवल अपनी कौम का भला कर सकते हैं बल्कि पूरे समाज के विकास में रचनात्मक भूमिका निभा सकते है।
 
उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा कश्यप समाज सहित अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचे। 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' का मूल मंत्र इसी भावना से प्रेरित है।
 
सैनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को पिछड़ा वर्ग का सबसे बड़ा हितैषी बताया और कहा कि श्री मोदी जी ने केंद्रीय ओ.बी.सी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिलवाया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का विजन है। आज आवश्यकता है कि इस विजन को साकार करने के लिए हम जाति, क्षेत्र, भाषा जैसे भेदभावों को मिटाकर आगे बढ़ने का संकल्प लें।
 
उन्होंने पंजाब के लोगों से आह्वान किया कि वे अगले विधानसभा चुनाव में पंजाब के आमजन की चिंता करने वाली भाजपा की सरकार बनाएं , झूठे सब्ज़बाग दिखाने वाली आम आदमी पार्टी को सबक़ सिखाएं।
 
इस अवसर पर अखिल भारतीय कश्यप राजपूत कल्याण सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अनूप भारद्वाज , बलदेव राज कश्यप , सुखदेव सिंह समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!