सिविल अस्पताल इमरजेंसी के बाहर बना जंग का अखाड़ा, चले ईंट-पत्थर... दहशत का माहौल

Edited By Kamini,Updated: 08 Aug, 2026 06:38 PM

fight outside civil hospital emergency

सिविल अस्पताल में एक बार फिर कानून-व्यवस्था की सरेआम धज्जियां उड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

लुधियाना (राज) : सिविल अस्पताल में एक बार फिर कानून-व्यवस्था की सरेआम धज्जियां उड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर अस्पताल परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब मेडिकल करवाने आए 2 गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड और बाहरी इलाका किसी जंग के अखाड़े में तब्दील हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर दोनों तरफ से अंधाधुंध ईंट-पत्थर चलने लगे। उपद्रवियों का नंगा नाच सिर्फ अस्पताल परिसर तक ही सीमित नहीं रहा। जिस गाड़ी में सवार होकर एक पक्ष मेडिकल करवाने पहुंचा था, हमलावरों ने उसे घेर लिया और हथौड़ों से ताबड़तोड़ वार कर गाड़ी के शीशे और ढांचा पूरी तरह चकनाचूर कर दिया। अस्पताल के बाहर हुई इस गुंडागर्दी और तोड़फोड़ की पूरी वारदात का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में हमलावर बेखौफ होकर खुलेआम हथौड़ों और पत्थरों से गाड़ी को निशाना बनाते साफ दिखाई दे रहे हैं। दिन-दिहाड़े हुई इस खूनी झड़प से अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों और उनके परिवार वालों में चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर उपद्रवियों और हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि सिविल अस्पताल लुधियाना में मारपीट और हंगामे का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहां गैंगवार और खूनी झड़पें हो चुकी हैं। इसके बावजूद इमरजेंसी वार्ड जैसी बेहद संवेदनशील जगह पर इस तरह दिन-दिहाड़े हथौड़े और ईंट-पत्थर चलना पुलिस चौकी और अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बहुत बड़े सवालिया निशान खड़े करता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!