Edited By Kalash,Updated: 25 Apr, 2026 05:07 PM

जिले में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं।
अमृतसर (दलजीत): जिले में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा विभाग के निदेशक द्वारा जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि गर्मी के मौसम के दौरान बच्चों की सेहत और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए।
पत्र में कहा गया है कि हीट वेव के कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं, इसलिए स्कूल प्रबंधन को नेशनल डिजास्टर मैनेजमैंट ऑथोरिटी की गाइडलाइंस के अनुसार पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए और स्कूलों में आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी पब्लिक हैल्थ एडवाइजरी में लोगों को दिन के दौरान अधिक से अधिक पानी पीने, धूप से बचने, हलके कपड़े पहनने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अधिक सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
एडवाइजरी के अनुसार धूप में बाहर जाते समय सिर को ढककर रखना, ओ.आर.एस. और अन्य तरल पदार्थों का अधिक सेवन करना तथा दिन के सबसे गर्म समय के दौरान बाहरी गतिविधियों से बचना बहुत जरूरी है। इसके अलावा घरों को ठंडा रखने और बुजुर्गों की नियमित देखभाल करने पर भी जोर दिया गया है।
स्कूलों में पानी, छाया और फर्स्ट एड की पूरी व्यवस्था हो : जिला शिक्षा अधिकारी
जिला शिक्षा अधिकारी (सैकेंडरी) राजेश शर्मा ने कहा कि विभाग द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है। सभी स्कूल मुखियों को आदेश दिए गए हैं कि विद्यार्थियों को हीट वेव से बचाव के बारे में जागरूक किया जाए और स्कूलों में पानी, छाया और फर्स्ट एड की पूरी व्यवस्था हो। बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here