Edited By Vatika,Updated: 17 Jul, 2026 09:08 AM

महानगर में अपराधियों के हौसले पस्त करने, ऑन-ग्राउंड सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और रात के समय
लुधियाना (राज): महानगर में अपराधियों के हौसले पस्त करने, ऑन-ग्राउंड सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और रात के समय मुस्तैदी से फर्ज निभाने वाले पुलिस मुलाजिमों का हौसला बुलंद करने के लिए पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा खुद मोर्चे पर उतर आए हैं। बीती देर रात CP ने बिना किसी पूर्व सूचना या लाव-लश्कर के शहर में एक बहुत बड़ा 'डबल सरप्राइज ऑपरेशन' चलाया।
इस दौरान जहां उन्होंने थाना डिवीजन नंबर 1 के अंतर्गत आते एक मुख्य पुलिस नाके पर अचानक पहुंचकर जमीनी चेकिंग का जायजा लिया, वहीं दूसरी ओर थाना पी.ए.यू. (PAU) में औचक छापा मारकर हाजिरी रजिस्टर खंगाला और रात भर जागने वाले जवानों के साथ खुद एक ही टेबल पर बैठकर रात का खाना खाया। कमिश्नर स्वप्न शर्मा का पहला औचक एक्शन थाना डिवीजन नंबर 1 के इलाके में देखने को मिला। आधी रात को जब सड़कों पर सन्नाटा पसर चुका था, तब सीपी अचानक मुख्य पुलिस नाके पर जा पहुंचे। कमिश्नर को अचानक सामने खड़ा देख वहां तैनात मुलाजिमों और पीसीआर (PCR) के जवानों में खलबली मच गई। कमिश्नर शर्मा ने खुद नाके पर खड़े होकर ऑन-ग्राउंड सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और बैरिकेडिंग के पास से गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग की प्रक्रिया को देखा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था में रत्ती भर भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।नाके पर चेकिंग का कड़ा संदेश देते हुए पुलिस कमिश्नर ने तैनात फोर्स को दोटूक हिदायत दी कि रात के समय हर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति, काली फिल्म लगी गाड़ियों और बिना नंबरी वाहनों की गहनता से तलाशी ली जाए।

आधी रात PAU थाने में 'सरप्राइज चेकिंग'; मुलाजिमों संग शेयर किया डिनर
नाके की चेकिंग के तुरंत बाद पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा का काफिला अचानक थाना पी.ए.यू. के परिसर में दाखिल हुआ। आधी रात को अचानक हुए इस औचक निरीक्षण से थाने के स्टाफ में हड़कंप मच गया। कमिश्नर ने तुरंत मुंशी रूम का रुख किया और रोजनामचा समेत स्टाफ का हाजिरी रजिस्टर खंगाला। उन्होंने हवालात की सुरक्षा और नाईट पेट्रोलिंग पर निकली गाड़ियों की लोकेशन जांची। इस सरप्राइज चेकिंग का सबसे भावुक और ऐतिहासिक पल तब आया, जब पुलिस कमिश्नर ने थाने के मेस और नाईट ड्यूटी मुलाजिमों के खाने की व्यवस्था देखी। खाकी की मुस्तैदी से खुश होकर सीपी स्वप्न शर्मा ने वीआईपी कल्चर को दरकिनार करते हुए, थाने के संतरियों, कांस्टेबलों और एएसआई रैंक के अधिकारियों के साथ एक आम सिपाही की तरह टेबल पर बैठकर रात का सादा भोजन साझा किया।

"24 घंटे जागने वाली फोर्स पर है नाज..." कमिश्नर ने थपथपाई पीठ
डिनर टेबल पर भोजन करते हुए पुलिस कमिश्नर ने नाईट-ड्यूटी स्टाफ से सीधा संवाद साधा और उनके सुख-दुख व रात की ड्यूटी में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को जाना। कमिश्नर ने जवानों की पीठ थपथपाते हुए कहा, "जब पूरा लुधियाना चैन की नींद सोता है, तब हमारी फोर्स सड़कों पर जागकर शहर की हिफाजत करती है। मुझे अपनी इस फोर्स के हर एक जवान के समर्पण और जनसेवा के जज्बे पर गर्व है।"