Edited By Sunita sarangal,Updated: 27 Nov, 2025 11:48 AM

जानकारी के अनुसार आज सुबह केंद्रीय कृषि मंत्री सबसे पहले अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरेंगे।
पंजाब डैस्क : आज केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब दौरे पर हैं। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री किसानों और मनरेगा मजदूरों से मिलेंगे और बातचीत करेंगे। इसके अलावा राज्य स्तर के अधिकारियों के साथ आधुनिक खेती सहित कई प्रमुख योजनाओं पर चर्चा करेंगे। साथ ही लागू की गई योजनाओं के विकास के बारे में भी विस्तार से जानेंगे और आगे की योजनाओं के बारे में निर्देश जारी करेंगे।
जानकारी के अनुसार आज सुबह केंद्रीय कृषि मंत्री सबसे पहले अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद सीधा मोगा के गांव रणसिंह कलां पहुंचेंगे। बता दें कि इस गांव को फसल अवशेष प्रबंधन वाले मॉडल गांव के रूप में चुना गया है। यहां वे लोगों और किसानों से बातचीत करेंगे और यह जानेंगे कि उन्होंने फसल अवशेषों का निपटारा कैसे किया है। मोगा के बाद उनका अगला स्टॉप जालंधर होगा। यहां वे सवा 2 बजे तक नकोदर चौक में के.एल. सहगल हॉल में कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मनरेगा मजदूरों से मिलेंगे और फिर एक घंटे बाद डी.सी. दफ्तर में राज्य स्तर के अधिकारियों के साथ योजनाओं को लेकर मीटिंग करेंगे।
मीटिंग के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री ICAR सेंट्रल पोटैटो रिसर्च इंस्टीट्यूट (CPRI) बादशाहपुर, जालंधर पहुंचेंगे। यहां पर कृषि मंत्री किसानों और वैज्ञानिकों के साथ बढ़िया क्वालिटी के आलू बीज जिसे केंद्र लंबे समय से पंजाब सहित कई राज्यों में पहुंचा रहा है उसकी जानकारी लेंगे और साथ ही नई किस्मों के बीज और ट्रेनिंग के जरिए किसानों की आमदनी बढ़ाने वाले संस्थानों के बारे में जानेंगे।
बताया जा रहा है कि अपने इस दौरे के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री किसानों, मनरेगा मजदूरों, वैज्ञानिकों और लोगों से सीधी बातचीत करेंगे और उनकी परेशानियां जानकर उनका हल निकालने के लिए सही नीतियां बनाने पर विचार करेंगे। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से केंद्रीय कृषि मंत्री इसी तरह कई राज्यों का दौरा कर किसानों से सीधी बात कर उन्हें होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए कई प्रकार की नीतियों को लागू भी कर चुके हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here