Edited By Vatika,Updated: 05 May, 2026 11:42 AM

पंजाब के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है,
चंडीगढ़: पंजाब के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम सुहावना बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज फिर बारिश की संभावना जताई है।
आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना
विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। 6 मई को भी राज्य के विभिन्न इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। लोगों को इस दौरान सावधान रहने की सलाह दी गई है।
6 से 8 मई के बीच भी कुछ स्थानों पर बारिश
मौसम विभाग के अनुसार इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर सक्रिय है, जो लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती हवा प्रणाली बनी हुई है, जो करीब 1.5 किलोमीटर तक फैली है। इसी कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग के मुताबिक 6 से 8 मई के बीच भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।