Edited By Urmila,Updated: 21 Aug, 2026 10:21 AM

पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह (बीआरएस) नगर के जे-ब्लॉक स्थित पिज्जा फार्म मैक्सिको रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैलाने वाले दो शातिर शूटरों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरमनदीप सिंह निवासी अमृतसर और हर्षदीप सिंह निवासी गांव नंगल, डेहलों, लुधियाना के रूप में हुई है। वारदात में शामिल उनके तीसरे साथी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट पर फायरिंग की वारदात के बाद से ही पुलिस कमिश्नरेट की सीआईए और स्पेशल टीमें आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रही थीं। तकनीकी सुरागों के आधार पर जब लुधियाना पुलिस की टीम आरोपियों को पकड़ने हिमाचल प्रदेश के ऊना पहुंची, उससे कुछ ही देर पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा और अपने साथ दिल्ली ले गई। अब लुधियाना पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर शहर लाएगी और रिमांड पर गहन पूछताछ करेगी।
दिल्ली के नजफगढ़ में फायरिंग कर लुधियाना पहुंचे थे आरोपी
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे थे। 16 अगस्त को आरोपियों ने दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक प्रॉपर्टी विवाद को लेकर अंधाधुंध फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देकर दोनों दिल्ली से फरार होकर पंजाब आ गए। इसके बाद 17-18 अगस्त की दरमियानी रात लुधियाना पहुंचकर आरोपियों ने बीआरएस नगर के पिज्जा फार्म मैक्सिको रेस्टोरेंट में घुसकर दहशत फैलाने के इरादे से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। वारदात करने के बाद दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश के ऊना में जाकर छिप गए थे।
हैंडलरों और विदेशी नेटवर्क की होगी पड़ताल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर गोपी लाहौरिया ग्रुप द्वारा फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रोडक्शन वारंट पर लाने के बाद आरोपियों से यह पूछताछ की जाएगी कि उन्हें रेस्टोरेंट पर फायरिंग करने के निर्देश किस गैंगस्टर या विदेशी हेंडलर ने दिए थे, हथियार कहां से मुहैया करवाए गए थे और उनका तीसरा साथी कौन था। जांच में कई अन्य अहम वारदातों के खुलासे होने की उम्मीद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here