बस्ती बावा खेल किडनैपिंग केस में एक गिरफ्तार, 4 साल के मासूम को बेचने की थी तैयारी

Edited By Urmila,Updated: 21 Sep, 2026 01:30 PM

basti bawa khel kidnapping case

बस्ती बावा खेल इलाके के पन्नू विहार से 4 साल के बच्चे केशव के अपहरण की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को अहम सफलता मिली है।

जालंधर (सोनू) : बस्ती बावा खेल इलाके के पन्नू विहार से 4 साल के बच्चे केशव के अपहरण की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को अहम सफलता मिली है। कमिश्नरेट पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। जांच के दौरान पुलिस के सामने बच्चे के अपहरण के पीछे उसे बेचने की साजिश होने की बात सामने आई है।

डीसीपी आदित्य वारियर ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रजत रत्तु उर्फ रॉकी को उसके गांव से सुबह करीब 5 बजे काबू किया। पुलिस के अनुसार आरोपी आदमपुर का रहने वाला है और पेशे से ड्राइवर है। इस मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की है।

पुलिस नाकेबंदी ने बिगाड़ा आरोपियों का प्लान

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने केशव को अगवा करने के बाद उसे करीब 1 लाख रुपए में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने की योजना बनाई थी। इस सौदे के लिए 20 हजार रुपए एडवांस मिलने की बात भी जांच में सामने आई है। हालांकि, शहर में पुलिस की नाकेबंदी के चलते आरोपी बच्चे को अपनी योजना के मुताबिक आगे नहीं ले जा सके।

बताया जा रहा है कि हालात बिगड़ने पर आरोपी बच्चे को बस स्टैंड पर छोड़कर वहां से निकल गए। पुलिस ने बाद में बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया था। अब जांच अधिकारी उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, जिनके साथ बच्चे को बेचने को लेकर कथित तौर पर संपर्क किया गया था।

कपड़े बदलकर भागे थे आरोपी

पुलिस को जांच के दौरान आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। अपहरण के बाद आरोपियों द्वारा कपड़े बदलने की जानकारी सामने आई है और पुलिस ने वे कपड़े बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा बच्चे को कुछ परिचित लोगों के पास छोड़ने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।

प्रिंस की तलाश में पुलिस

मामले में रजत रत्तु के साथ प्रिंस नाम का आरोपी भी शामिल बताया जा रहा है। वह फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि यह उनकी पहली ऐसी वारदात थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि केशव को ही अपहरण के लिए क्यों चुना गया और इस पूरी योजना में कौन-कौन लोग शामिल थे। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य लोगों और घटनाक्रम के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!