Edited By Vatika,Updated: 13 Aug, 2026 09:23 AM

अदालत में अपनी तारीख पेशी पर जा रही एक महिला पर पुरानी रंजिश के चलते दातर से
लुधियाना (राज): अदालत में अपनी तारीख पेशी पर जा रही एक महिला पर पुरानी रंजिश के चलते दातर से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में महिला के बाएं हाथ की छोटी उंगली आधी कट गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों समेत जान से मारने की धमकियां देता हुआ मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ममता ने बताया कि बीते 10 अगस्त को वह माननीय अदालत में अपनी केस की तारीख पेशी भुगतने के लिए जा रही थी। सुबह करीब 10:15 बजे जब वह नई कचहरी के बाहर पहुंची, तो आरोपी अनिल अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां आया। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अनिल ने सीधे उस पर दातर से वार कर दिया। दातर का वार रोकने की कोशिश में पीड़िता के बाएं हाथ की सबसे छोटी उंगली आधी कट गई और खून बहने लगा। जब पीड़िता ने दर्द से चिल्लाना और रोना शुरू किया, तो आसपास के लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी अनिल और उसके साथी उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता को इलाज के लिए सिविल अस्पताल, लुधियाना ले जाया गया, जहां उसका उपचाराधीन इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिल और उसके दो साथियों के खिलाफ रंजिश के तहत हमला करने, गंभीर चोटें पहुंचाने और जान से मारने की धमकियां देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।