Edited By Vatika,Updated: 16 Jul, 2026 02:31 PM

माछीवाड़ा क्षेत्र के लोगों के लिए उस समय दुखद खबर सामने आई, जब उत्तर प्रदेश से लौट रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो
माछीवाड़ा साहिब: माछीवाड़ा क्षेत्र के लोगों के लिए उस समय दुखद खबर सामने आई, जब उत्तर प्रदेश से लौट रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान संतोख सिंह बाजवा (65) निवासी गांव इराक, हरजीत सिंह (60) निवासी हादीवाल और भुपिंदर कौर के रूप में हुई है। वहीं हादसे में आढ़ती मुकंद सिंह बैनीपाल और उनके भांजे लाडी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मुकंद सिंह बैनीपाल उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में खेती करते हैं और उनका कारोबार माछीवाड़ा में भी है। उनके रिश्तेदार संतोख सिंह बाजवा और हरजीत सिंह उनसे मिलने लखीमपुर खीरी गए हुए थे।
रास्ते में सुबह करीब 7:30 बजे, जब सभी लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर उत्तर प्रदेश से माछीवाड़ा लौट रहे थे, तब बरेली के पास निर्माणाधीन हाईवे पर उनकी गाड़ी की सामने से आ रहे एक कैंटर से सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि संतोख सिंह बाजवा, भुपिंदर कौर और हरजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकंद सिंह बैनीपाल और लाडी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बरेली के नवाबगंज थाना पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को माछीवाड़ा लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आढ़ती और शैलर एसोसिएशन ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर माछीवाड़ा सच्चा सौदा आढ़ती एसोसिएशन और शैलर एसोसिएशन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मोहित कुंदरा और पूर्व प्रधान हरजिंदर सिंह खेड़ा ने कहा कि स्वर्गीय संतोख सिंह बाजवा बेहद नेकदिल और मिलनसार व्यक्ति थे। उनके निधन से न केवल परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, शैलर एसोसिएशन के प्रधान अशोक सूद और चेयरमैन हुसन लाल मड़कन ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। एसोसिएशन के सदस्य पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करने भी पहुंचे।