Edited By Vatika,Updated: 19 Aug, 2026 10:52 AM

ट्राईसिटी के लोगों के लिए मौसम को लेकर अहम खबर है।
चंडीगढ़: ट्राईसिटी के लोगों के लिए मौसम को लेकर अहम खबर है। मौसम विभाग ने अगले 2-3 घंटों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में कई जगहों में भारी जबकि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
शहर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और मध्यम बारिश हो रही है। इसके चलते सड़कों पर यातायात भी प्रभावित होने लगा है। मंगलवार को भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया था और सड़कें नदियों जैसी नजर आई थीं। मंगलवार को सिर्फ 2 घंटे में 72.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो इस मानसून सीजन में 2 घंटे के दौरान हुई सबसे भारी बारिश रही। बुधवार की सुबह भी बारिश के साथ हुई। बड़ी संख्या में स्कूल जाने वाले बच्चे, अभिभावक और दफ्तर जाने वाले लोग जब घरों से निकले, उस समय भी बारिश जारी थी। अगर बारिश इसी तरह जारी रहती है तो अगले 1-2 घंटों में शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने और जलभराव की स्थिति बनने की संभावना है। पूरा आसमान बादलों से घिरा हुआ है। हालांकि, 20 से 23 अगस्त तक मौसम में कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
बीते दिन जलभराव के कारण कई चार पहिया और दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। चंडीगढ़ के मध्य मार्ग पर वाहन पानी में तैरते नजर आए। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सेक्टर-19, सेक्टर-8 और 9 लाइट प्वाइंट, मटका चौक और पीजीआई चौक में पानी भर गया। सेक्टर-28बी की सड़क धंस गई। इसके अलावा सेक्टर-22 की मार्केट की दुकानों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम को भी भारी बारिश जारी रही, जिसके कारण लोग कई घंटों तक सड़कों पर फंसे रहे। मौसम विभाग की ओर से लोगों के स्मार्टफोन पर चेतावनी भी भेजी गई थी।