Edited By Tania pathak,Updated: 07 Feb, 2021 12:05 PM
ममेरे भाई-बहन को स्कूल छोड़ने के लिए गई 11 साल की नाबालिग लड़की लापता हो गई।
लुधियाना (राज): ममेरे भाई-बहन को स्कूल छोड़ने के लिए गई 11 साल की नाबालिग लड़की लापता हो गई। उसके पास मौजूद मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। परिवार ने अपहरण की आशंका जताई है। इसलिए थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव गोबिंदगढ़ के अरुण चौधरी ने बताया कि उसके 2 बेटे और एक बेटी है। वह परिवार समेत किराए पर रहता है। उसकी बहन गांव में मां के साथ रहती थी। मगर मां की मौत हो गई थी। इसलिए वह बहन की 11 साल की बेटी दिव्या को 2 महीने पहले अपने साथ ले आया था। अरुण का कहना है कि वह अपने बच्चों को रोज स्कूल छोड़ने जाता था। मगर कुछ काम होने के कारण उसने दिव्या से कहा कि वह बच्चों को स्कूल छोड़ आए। स्कूल जाते समय उसने दिव्या को एक मोबाइल फोन भी दिया था। उसने बच्चों को स्कूल तक छोड़ दिया। मगर घर वापस नहीं लौटी। अब उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
ए.एस.आई. अमरीक सिंह का कहना है कि नाबालिगा लुधियाना की नहीं है। वह दो महीने पहले ही आई थी। इसलिए उसे रास्ते के बारे में नहीं पता था, हो सकता है कि वह रास्ता भटक गई हो। फिलहाल उसे ढूंढने की कोशिश की जा रही है।