Edited By Kamini,Updated: 29 Jun, 2026 07:24 PM

DJ को बंद कराने गई पुलिस पार्टी पर कुछ प्रवासी लोगों के कथित हमले का मामला सामने आया है।
मोगा (कशिश सिंगला): मोगा के कोटकपूरा बाईपास इलाके में देर रात तेज आवाज में बज रहे DJ को बंद कराने गई पुलिस पार्टी पर कुछ प्रवासी लोगों के कथित हमले का मामला सामने आया है। इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल सूबा सिंह ने बताया कि वह पंजाब पुलिस में तैनात है और बीती रात उसकी ड्यूटी कोटकपूरा बाईपास इलाके में PCR गाड़ी पर थी। इसी बीच, इलाके के लोगों की तरफ से 112 पर शिकायत मिली कि उनके इलाके में देर रात तेज आवाज में DJ बज रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
शिकायत मिलने के बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और DJ बंद कराने की कार्रवाई शुरू की। आरोप है कि इस दौरान DJ बजा रहे कुछ लोगों ने उनसे बहस शुरू कर दी और बाद में उन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घायल हेड कांस्टेबल को तुरंत इलाज के लिए मोगा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूबा सिंह ने कहा कि पुलिस ने उनके बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में गुस्सा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here