Edited By Subhash Kapoor,Updated: 04 Oct, 2026 11:56 PM

थाना सिटी पुलिस द्वारा हरकमल सिंह निवासी सूरज नगर उत्तरी जीरा रोड मोगा के घर से सोने के जेवरात तथा नकदी चोरी करने के मामले में उनके घर काम करने वाली महिला को काबू किए जाने का पता लगा है।
मोगा (आजाद) : थाना सिटी पुलिस द्वारा हरकमल सिंह निवासी सूरज नगर उत्तरी जीरा रोड मोगा के घर से सोने के जेवरात तथा नकदी चोरी करने के मामले में उनके घर काम करने वाली महिला को काबू किए जाने का पता लगा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी इंस्पैक्टर गुरविन्द्र सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस को दिए शिकायत पत्र में हरकमल सिंह ने कहा कि वह नैस्ले डेयरी मोगा में काम करता है। मेरे घर 2 जुड़वा बच्चों ने जन्म लिया था, जिस कारण हमने बच्चों की देखभाल तथा पत्नी की मदद के लिए सिमरन कौर निवासी अमृतसर साहिब को बतौर केयर टेकर अप्रैल 2026 में रखा था। जबकि घर का काम करने के लिए ममता नाम की महिला को रखा गया था।
उसने कहा कि गत 12 मई को बिजली का पावर कट होने के कारण हम एक होटल में चले गए। जबकि ममता घर को ताला लगाकर चाबियां हमारे पड़ोसी को दे गई। उसने कहा कि ममता के साथ एक अन्य लड़की भी जो उसे अपनी मौसेरी बहन बता रही थी, वह भी अपने साथ ले आई। 13 मई को वह काम पर न आई और उसने 3 दिन के लिए छुट्टी कर ली।
जब हमनें घर में कुछ सामान न मिलने पर ममता से बात की, तो वह कहने लगी आज तुम छोटी-मोटी चीजों की बात कर रहे हो, कल को किसी बड़ी चीज के गुम हो जाने पर मेरा नाम लगा दोगे, मुझ पर तुम संदेह कर रहे हो। जब वह 1 जून के बाद काम छोड़ गई, तो हमने संदेह होने पर जब 2 जून को अपना सामान तथा गहने चैक किए, तो बैड का दराज जो एल्यूमीनियम पेपर फंसाकर बंद किया हुआ था, चैक किया, तो पता चला कि लॉक वाले दराज में से 8 तोले सोना तथा 50 हजार रुपए नकदी गायब थी।
हमें संदेह है कि उक्त चोरी ममता ने ही की है। जिस पर पुलिस पार्टी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद ममता के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी सहायक थानेदार नछत्तर सिंह ने बताया कि यदि उक्त मामले में कोई और सामने आया, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। काबू कथित आरोपी महिला को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।