Edited By Subhash Kapoor,Updated: 08 May, 2026 07:43 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब में ईडी की कार्रवाई और आम आदमी पार्टी नेताओं के करीबी लोगों के ठिकानों पर पड़े छापों को लेकर भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला। चुघ ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ “क्लीन राजनीति” का ढोंग...
जालंधर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब में ईडी की कार्रवाई और आम आदमी पार्टी नेताओं के करीबी लोगों के ठिकानों पर पड़े छापों को लेकर भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला। चुघ ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ “क्लीन राजनीति” का ढोंग करने वाली आम आदमी पार्टी की असलियत अब परत दर परत खुल रही है। जो लोग कल तक ईमानदारी के प्रमाण पत्र बांटते थे, आज उन्हीं के करीबी जमीन घोटालों, फर्जी दस्तावेजों, सीएलयू मंजूरियों और नोटों के बंडलों के मामलों में जांच के घेरे में हैं।
चुघ ने कहा कि यह मामला केवल किसी एक बिल्डर तक सीमित नहीं है, बल्कि पंजाब में राजनीतिक संरक्षण के साथ चल रहे जमीन और भ्रष्टाचार के बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली और पंजाब के नेताओं ने मिलकर राज्य को लूट का केंद्र बना दिया है और आम आदमी पार्टी “बदलाव” के नाम पर पंजाब को अराजकता और माफिया राज की तरफ धकेल चुकी है।
चुघ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल पूछा कि वह लगातार भाजपा पर झूठे आरोप लगाकर किसानों की आड़ में राजनीति क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले किसानों का कर्ज माफ करने, 24 फसलों पर एमएसपी देने और कृषि क्रांति लाने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के खातों में सीधे सहायता राशि भेज रहे हैं, जबकि पंजाब सरकार ने कोई अतिरिक्त राहत नहीं दी।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब इस समय ड्रग माफिया, गैंगस्टर नेटवर्क, बेरोजगारी, रंगदारी और बिगड़ती कानून व्यवस्था के गंभीर संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार संस्थागत रूप ले चुका है और मुख्यमंत्री केवल बयानबाजी और राजनीतिक ड्रामेबाजी में लगे हुए हैं। चुग ने कहा कि न शिक्षा क्रांति आई, न स्वास्थ्य क्रांति और न ही कृषि क्षेत्र में कोई बदलाव दिखाई दे रहा है।
चुघ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर पंजाब को बचाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने हालिया बम धमाकों का जिक्र करते हुए कहा कि दोषियों और उनके पीछे काम कर रही ताकतों को पकड़ना सरकार की जिम्मेदारी है। चुग ने कहा कि पंजाब की जनता जवाब चाहती है और वह मुख्यमंत्री से दो टूक कहना चाहते हैं — “या तो सबूत दीजिए या इस्तीफा दीजिए।”