लुधियाना में शिमला पुलिस की दबिश, कुल्लू से भागकर आया शातिर आरोपी गिरफ्तार

Edited By Kamini,Updated: 21 Aug, 2026 08:58 AM

shimla police raid in ludhiana

रामपुर पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के रहने वाले सौरव के रूप में हुई है।

लुधियाना (राज): हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला अंतर्गत रामपुर बुशहर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक साथ 3 मंदिरों के ताले तोड़कर दानपात्र चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने लुधियाना से गिरफ्तार किया है। रामपुर पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के रहने वाले सौरव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बीते 14 अगस्त की रात आरोपी ने रामपुर बाजार व आसपास के इलाके में स्थित तीन धार्मिक स्थलों को सिलसिलेवार निशाना बनाया था। उसने इलाके में स्थित प्रसिद्ध श्री संकट मोचन महावीर मंदिर (रामपुर बाजार), शनि धाम (नाडू बावड़ी) और एक अन्य संकट मोचन मंदिर में चोरी की थी। आरोपी ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए तीनों मंदिरों के मुख्य तालों को तोड़कर और गर्भगृह में रखे भारी-भरकम दानपात्रों को उठाकर फरार हो गया था। वारदात के बाद आरोपी दानपात्रों को मंदिर परिसर से दूर सुनसान और जंगली इलाके में ले गया। वहां उसने दानपात्रों के ताले तोड़कर अंदर रखी सारी चढ़ावे की नकदी निकाल ली और खाली बक्सों को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया था। सुबह जब मंदिर के कपाट खुले और दानपात्र गायब मिले, तो पूरे रामपुर क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में भारी रोष फैल गया। मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर रामपुर सिटी पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया था। 

धार्मिक स्थलों में हुई चोरी की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। पुलिस ने मंदिरों व मुख्य मार्गों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपी सौरव का हुलिया और पहचान स्पष्ट हुई कि आरोपी सौरव है। पहचान उजागर होते ही आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कुल्लू और शिमला से फरार होकर पंजाब आ गया। वह लगातार अपनी लोकेशन और ठिकाने बदल रहा था। रामपुर पुलिस की टीम ने लगातार पीछा करते हुए तकनीकी सर्विलांस की मदद से 20 अगस्त को लुधियाना पहुंची, जहां सटीक लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम अब आरोपी सौरव को लुधियाना से रामपुर बुशहर ले जा रही है, जहां उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। शिमला पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान चोरी की गई नकदी की बरामदगी की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि इस वारदात में उसके साथ कौन कौन शामिल था।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!