लुधियाना में बेखौफ लुटेरे! सड़क पर पत्थर फेंककर कार रुकवाई, फिर चाकू दिखाकर की लूट

Edited By Vatika,Updated: 01 Sep, 2026 09:35 AM

robbery ludhiana

- बाइक सवार दो लुटेरों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस चौकी रघुनाथ इनक्लेव कर रही जांच

लुधियाना,  (राज) : शहर में बेखौफ लुटेरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात फॉच्र्यूनर गाड़ी में सवार होकर घर लौट रहे एक युवक को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो नकाबपोश लुटेरों ने चाकू की नोक पर सोने के कीमती जेवरात लूट लिए। लुटेरों ने पहले गाड़ी के सामने पत्थर फेंककर कार रुकवाई और फिर चाकू दिखाकर युवक कारोबारी से सोने की चेन, हाथ का कड़ा और डायमंड की अंगूठी उतरवाकर फरार हो गए। कारोबारी युवक ने इस संबंध में थाना सराभा नगर के अंर्तगत चौकी रघुनाथ इनक्लेव को इसकी शिकायत दी है।

कारोबारी युवक ने पुलिस शिकायत में बताया है कि उसका घर साऊथ सिटी में है। वह अपने एक दोस्त को डी.एम.सी. अस्पताल छोड़ कर वापिस अपने घर साऊथ सिटी जा रहा था। वहां से लौटते समय उसने जस्सोवाल/कैट कट से यू-टर्न लिया और अपनी फॉच्र्यूनर गाड़ी से कैनाल रोड होते हुए अपने घर की तरफ आ रहा था। रात करीब सवा 11 बजे अचानक उसकी गाड़ी पर कोई चीज टकराने की जोरदार आवाज आई। गाड़ी को कोई नुकसान तो नहीं हुआ, यह देखने के लिए जसुल ने गाड़ी को सडक़ किनारे रोक लिया। जैसे ही गाड़ी से उतरकर चेक करने लगा, तभी अचानक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। जिन्होने कपड़े से अपने मुंह ढके हुए थे। बाइक से उतरते ही पहले एक युवक ने उसकी पीठ पर चाकू तान दिया।

फिर उसे गाड़ी के अंदर जाने के लिए कहा। इसके बाद दूसरा युवक भी गाड़ी के अंदर आ गया। दोनों ने चूप रहने के लिए कहा और उसकी तलाशी लेनी शुरू करदी। लुटेरों ने उसके गले में पहनी सोने की चेन, हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा और सोने की डायमंड की रिंग जबरन उतरवा ली। इसके अलावा उसकी जेब में पड़े करीब तीन हजार रुपए भी लूट लिए। सोने के कीमती गहने लूटने के बाद दोनों लुटेरे अपनी बाइक पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए तेजी से फरार हो गए। वारदात के बाद वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कैनाल रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि लुटेरों की बाइक का नंबर ट्रेस कर जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!