Edited By Urmila,Updated: 27 Mar, 2026 09:37 AM

महानगर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे मौत के सौदागरों ने एक और हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया है।
लुधियाना (राज): महानगर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे मौत के सौदागरों ने एक और हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया है। ताजा रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा रामगढ़ चौक के पास सामने आई है, जहां एक अज्ञात टिप्पर चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए एक मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में एक बेटे ने अपनी ही आंखों के सामने अपने पिता को तड़पते हुए दम तोड़ते देखा। मृतक जिंदर सिंह है। इस मामले में थाना सहनेवाल की पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता गुरमीत सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि वह अपने 55 वर्षीय पिता जिंदर सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। जैसे ही वे रामगढ़ चौक के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे टिप्पर नंबर PB-10-HR-1349 के चालक ने बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से उनके मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क की बाईं ओर जा गिरी। गिरते ही पीछे बैठे पिता सड़क पर आ गिरे और पीछे से आ रहे टिप्पर का अगला टायर सीधे उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। इस हृदयविदारक घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा सड़क के दूसरी ओर गिरने के कारण बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक टिप्पर सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। अब टिप्पर नंबर के जरिए आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here