Edited By Sunita sarangal,Updated: 07 May, 2026 05:10 PM

लुधियाना में कनाल बेस्ड वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट चल रहा है जिसके तहत सड़कों की खुदाई कर उसमें पाइपलाइन डालने का काम किया जा रहा है।
लुधियाना(हितेश): लुधियाना में कनाल बेस्ड वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट चल रहा है जिसके तहत सड़कों की खुदाई कर उसमें पाइपलाइन डालने का काम किया जा रहा है। इस दौरान कई मुख्य सड़कों की खुदाई की जा चुकी है लेकिन उन्हें समय पर नहीं बनाया जा रहा। वहीं एक मामला ऐसा सामने आया है कि लंबे समय के बाद एक सड़क बनाई गई है लेकिन अब उसे भी प्रोजेक्ट के तहत फिर से तोड़ने की तैयारी की जा रही है। इस मामले में डी.सी. लुधियाना की भी एंट्री हो चुकी है। अब जानिए क्या है पूरा मामला –
जानकारी के अनुसार प्रोजेक्ट के तहत नहरी पानी को वॉटर सप्लाई का विकल्प बनाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के जरिए लोगों को 24 घंटे पानी की सप्लाई मिलेगी। इसके लिए सारे शहर में वॉटर सप्लाई लाइनें बिछाई जा रही हैं। इन लाइनों को बिछाने के लिए जो सड़कें तोड़ी जाएंगी उनकी रिपेयर भी कंपनी द्वारा ही की जाएगी। हालांकि जानकारी मिली है कि कंपनी रिपेयर ठीक ढंग से नहीं कर रही। इसलिए जो सड़कें तोड़ी गई हैं उसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन क्षेत्रों में तोड़ी गई हैं सड़कें
जानकारी के अनुसार सराभा नगर, मॉडल टाउन, दुग्गरी जैसे पॉश एरिया, घुमार मंडी, बाढ़ेवाल, पक्खोवाल रोड पर भी सड़कें तोड़ी गई हैं जिसके चलते लोग काफी परेशान हो रहे हैं। इसके अलावा यह भी देखने में आ रहा है कि जो कुछ समय पहले बनी सड़कें हैं उसे भी कई जगह से तोड़ा दिया गया है ताकि वॉटर सप्लाई लाइनें बिछाई जा सकें।
अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल की कमी
वहीं इस दौरान अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल की भी काफी कमी नजर आई है। क्योंकि सड़कें बनाने वाले बी.एंड.आर ब्रांच वाले और वॉटर सप्लाई लाइन बिछा रहे विभाग का आपस में कोई तालमेल नहीं है। इस तरह का मामला पहले सराभा नगर के एक ब्लॉक से भी सामने आया था जहां नई बनी सड़क को तोड़ दिया गया। इस मामले में उस समय कोई कार्रवाई भी नहीं की गई थी।
नई बनी सड़क को तोड़ने की तैयारी
जानकारी के अनुसार अब एक और मामला सामने आ रहा है जिसमें सग्गू चौक से लेकर हंबड़ा रोड तक जो सड़क बन रही है लॉयंस क्लब, किचलू नगर के सामने, उस सड़क को लेकर पहले से ही काफी विवाद रहा है कि लंबे समय से सड़क न बनने से लोगों को परेशानी हो रही थी। अब यह कहा जा रहा है कि वॉटर सप्लाई लाइन बिछाने के लिए इस सड़क को फिर से तोड़ा जा सकता है। हालांकि पहले से ही यह पता था कि इस सड़क पर पाइपलाइन बिछाई जाएगी लेकिन फिर भी सड़क बना दी गई है।
DC लुधियाना ने जारी किया नोटिस
जानकारी के अनुसार इस मामले में अब डिप्टी कमिश्नर लुधियाना की एंट्री हो गई है। डी.सी. लुधियाना ने इस मामले का नोटिस लिया है। उन्होंने कहा है कि जनता का पैसा खराब नहीं होने दिया जाएगा और न ही सड़कें तोड़ने की वजह से लोगों को परेशानी होने दी जाएगी। इस बारे में उन्होंने नगर निगम को एक पत्र लिखा है और कहा है कि जो सड़कें तोड़ी गई हैं उनकी जल्द से जल्द रिपेयर की जाए और अब ऐसा कोई मामला सामने नहीं आना चाहिए कि नई बनी सड़क को दोबारा तोड़ा जा रहा है। लुधियाना में वॉटर सप्लाई लाइन बिछाने के लिए जो सड़कें तोड़ी गई हैं उसकी रिपेयर करने और नई बनी सड़कों को तोड़ने के मामले में नगर निगम को नोटिस जारी कर दिया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here