जालंधर में राओवाली पटाखा मार्केट पर रोक से भड़के कारोबारी, आज श्री राम चौक पर देंगे धरना

Edited By Urmila,Updated: 26 Oct, 2026 10:40 AM

raowali firecracker market dispute

गांव राओवाली में अस्थायी पटाखा मार्केट लगाने को लेकर पैदा हुआ विवाद अब और बढ़ता दिखाई दे रहा है।

जालंधर (खुराना) : गांव राओवाली में अस्थायी पटाखा मार्केट लगाने को लेकर पैदा हुआ विवाद अब और बढ़ता दिखाई दे रहा है। गांव की पंचायत के विरोध और अदालत की ओर से पटाखा मार्केट लगाने पर रोक लगाए जाने के बाद पटाखा कारोबारियों ने अब सरपंच जसवीर सिंह राणा के विरोध में मोर्चा खोलने का फैसला किया है। इसके तहत 26 अक्तूबर को दोपहर 1 बजे श्री राम चौक (कंपनी बाग) में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

पटाखा कारोबारियों की ओर से विकास भंडारी, रवि महाजन, संजीव बाहरी और धीरज कुमार ने सभी पटाखा एसोसिएशनों के सदस्यों को संदेश भेजकर धरने में शामिल होने की अपील की है। संदेश में सभी सदस्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य बताते हुए कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान आम जनता को राओवाली पटाखा मार्केट से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी जाएगी। कारोबारियों ने संदेश में यह भी कहा है कि धरने के बाद जालंधर की सभी व्यापारिक यूनियनों के साथ बैठक की जाएगी, ताकि इस मामले को लेकर आगे की रणनीति तय की जा सके। इससे स्पष्ट है कि कारोबारी इस विवाद को लेकर अपना पक्ष व्यापक स्तर पर रखने की तैयारी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि पटाखा कारोबारियों ने पहले गांव की पंचायत, सरपंच और पंचों के प्रति सम्मान जताते हुए कहा था कि वे पंचायत की हिदायतों और सुरक्षा संबंधी सभी मापदंडों का पालन करने के लिए तैयार हैं। कारोबारियों ने यह भी स्पष्ट किया था कि उनका पंचायत के साथ किसी तरह का आर्थिक लेनदेन नहीं हुआ है और वे बातचीत के माध्यम से विवाद का समाधान चाहते हैं। हालांकि, मामला अदालत तक पहुंचने और पटाखा मार्केट लगाने पर रोक लगने के बाद कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।

पंचायत के विरोध के बाद सिविल जज जूनियर डिवीजन गुरप्रीत सिंह की अदालत ने 23 अक्तूबर को संबंधित जमीन पर पटाखा मार्कीट स्थापित करने और चलाने पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी थी। मामले की अगली सुनवाई 29 अक्तूबर को निर्धारित है। दिवाली नजदीक होने और पहले ही करोड़ों रुपये के पटाखे खरीदे जाने के कारण कारोबारियों के सामने अब कारोबार को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। सोमवार को होने वाले धरने और उसके बाद व्यापारिक यूनियनों के साथ प्रस्तावित बैठक से इस विवाद में आगे की रणनीति तय होने की संभावना है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!