Edited By Subhash Kapoor,Updated: 13 Oct, 2026 08:33 PM

जालंधर के राहों वाल इलाके में पटाखा मार्केट लगाने को लेकर गांववासियों में रोष पनप गया है। गांव के नजदीक पटाखा मार्कीट लगाए जाने की खबर सुनते ग्रामीणों में रोष फैल गया तथा जमकर विरोध किया और साफ कहा कि वे यहां पटाखा मार्केट नहीं लगने देंगे।
जालंधर : जालंधर के राहों वाल इलाके में पटाखा मार्केट लगाने को लेकर गांववासियों में रोष पनप गया है। गांव के नजदीक पटाखा मार्कीट लगाए जाने की खबर सुनते ग्रामीणों में रोष फैल गया तथा जमकर विरोध किया और साफ कहा कि वे यहां पटाखा मार्केट नहीं लगने देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित जगह के पास पेट्रोल पंप और रिहायशी इलाका होने के कारण सुरक्षा खतरा पैदा हो सकता है।
गांव के सरपंच जसबीर सिंह राणा ने बताया कि उन्हें अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद पता चला कि उक्त स्थान पर पटाखा मार्केट लगाई जा रही है। इस संबंध में गांववासियों को पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि अगर पहले सूचना दी जाती तो ग्रामीण समय रहते अपना विरोध दर्ज करवाते।
सरपंच ने बताया कि प्रशासन ने जिस जगह पटाखा मार्केट लगाने के लिए स्थान आवंटित किया है, उसके आसपास दो पेट्रोल पंप हैं। ऐसे में पटाखों की मार्केट लगने से किसी बड़े हादसे का खतरा हो सकता है। इसके अलावा, मार्केट लगने से पूरी सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
DC को सौंपा ज्ञापन
इस मामले को लेकर गांववासियों ने डिप्टी कमिश्नर (DC) को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने प्रशासन से पटाखा मार्केट लगाने के फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके।
पेट्रोल पंप मालिक ने भी जताई चिंता
वहीं, पेट्रोल पंप मालिक ने कहा कि प्रशासन की ओर से उन्हें भी पटाखा मार्केट लगाने के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मार्केट वाली जगह से उनका पेट्रोल पंप महज 40 मीटर की दूरी पर है।
पेट्रोल पंप मालिक के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे एक जगह इकट्ठा होने से किसी बड़े हादसे का खतरा पैदा हो सकता है। इसके साथ ही पास में रिहायशी इलाका होने के कारण वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटाखा मार्केट के लिए किसी अन्य स्थान पर विचार किया जाए।

