Edited By Vatika,Updated: 21 Jul, 2026 12:10 PM

स्टेट कौंसिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एससीईआरटी) द्वारा राज्य के सभी सरकारी और
लुधियाना (विक्की) : स्टेट कौंसिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एससीईआरटी) द्वारा राज्य के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त सेकेंडरी स्कूलों में 9वीं और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 'स्वागत जिंदगी' (वेलकम लाइफ) पीरियड के तहत 'स्कूल नशों विरुद्ध' करिकुलम लागू करने का फैसला किया गया है। यह विशेष पाठ्यक्रम 3 अगस्त से लागू किया जाएगा। एससीईआरटी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, विद्यार्थियों को नशों के बुरे प्रभावों, सहपाठियों के दबाव (पीयर प्रेशर) से बचाने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने के तरीकों के बारे में जागरूक करने के लिए 'युद्ध नशों विरुद्ध' प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इस प्रोग्राम के तहत 'स्कूल नशों विरुद्ध' वीडियो आधारित करिकुलम अगस्त 2025 में लागू किया गया था। अब 3 अगस्त से इसे हफ्ते में एक बार 'स्वागत जिंदगी' पीरियड के दौरान पढ़ाया जाएगा।
नोडल अध्यापक की होगी नियुक्ति
प्रोग्राम को सुचारू रूप से चलाने और इसकी देखरेख के लिए हर स्कूल में एक 'नोडल अध्यापक' नियुक्त किया जाएगा। यह अध्यापक पहले से 'स्वागत जिंदगी' या अन्य एक्टिविटीज से जुड़ा होना चाहिए। एक हफ्ते के भीतर नोडल अध्यापक का नाम, पद और फोन नंबर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) दफ्तर को भेजना अनिवार्य होगा। प्रोग्राम से जुड़ा सारा करिकुलम, लेसन प्लान, वीडियो और ट्रेनिंग मैटेरियल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया जाएगा। स्कूल प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि क्लासों में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे इंटरनेट, प्रोजेक्टर और स्पीकर चालू हालत में हों।
24 घंटे में भरनी होगी रिपोर्ट
प्रत्येक सेशन के बाद नोडल अध्यापक के लिए पोर्टल पर दिए गए 'स्क्रीनिंग ट्रैकर' फॉर्म को 24 घंटे के अंदर भरना अनिवार्य होगा। इसमें तारीख, क्लास, पढ़ाया गया टॉपिक और उपस्थित विद्यार्थियों की गिनती दर्ज करनी होगी। काम की प्रगति देखने के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग डैशबोर्ड उपलब्ध रहेगा। डीईओ हर 15 दिन में इस डैशबोर्ड की जांच करेंगे और हर महीने एससीईआरटी को रिपोर्ट भेजेंगे।
काउंसलिंग और डॉक्टर की मदद का प्रबंध
स्कूल प्रमुखों को हिदायत दी गई है कि यदि सेशन के दौरान किसी बच्चे को काउंसलिंग या मदद की जरूरत महसूस होती है, तो सीक्रेसी (गोपनीयता) बरकरार रखते हुए तुरंत डॉक्टर से काउंसलिंग कराने का प्रबंध किया जाए। इस आदेश की प्रति शिक्षा सचिव के पीए, एससीईआरटी के डायरेक्टर के पीए और एससीईआरटी पंजाब के सहायक डायरेक्टर डॉ. बलविंदर सिंह को भी भेजी गई है।
14 सेशन की बनाई गई योजना
इस करिकुलम के तहत कुल 14 सेशन रखे गए हैं, जो अगस्त से शुरू होकर जनवरी तक चलेंगे। इनमें विश्वजीत, जरनैल, मनप्रीत, कंवल, अमृतपाल, करन, करनैल और प्रिंस पर आधारित डॉक्यूमेंट्री वीडियो दिखाई जाएंगी। साथ ही एक्सपर्ट गुरप्रताप पन्नू का वीडियो, वर्कशीट्स और पीयर प्रेशर रोल प्ले जैसी एक्टिविटीज शामिल होंगी। अंतिम सेशन जनवरी में शपथ (प्लेज) और रैप-अप वीडियो के साथ समाप्त होगा।