Edited By Vatika,Updated: 15 Jul, 2026 08:42 AM

शहर में पंजाब केसरी की खबरों का एक बार फिर से बड़ा और तीखा असर देखने को मिला है
लुधियाना (राज) : शहर में पंजाब केसरी की खबरों का एक बार फिर से बड़ा और तीखा असर देखने को मिला है। पिछले दिनों पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बिल्कुल नजदीक एक नामी होटल में धड़ल्ले से चल रहे हाई-प्रोफाइल जुआ और सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद सटोरियों और बुकीज के साम्राज्य में हडक़ंप मच गया है। अखबार में खबर छपने के बाद यह काला धंधा दो दिन तक तो पूरी तरह ठप रहा, लेकिन अब शातिर अपराधियों ने खाकी की आंखों में धूल झोंकने के लिए अपना ठिकाना और रणनीति दोनों बदल ली है। इन बड़े जुआरियों ने अब फिरोजपुर रोड के होटलों को छोडक़र पखोवाल रोड स्थित एक अन्य आलीशान होटल में अपना नया सेफ हाउस बना लिया है। हालांकि, यह ठिकाना भी फिक्स नहीं है; पुलिस या मीडिया की हलकी सी भनक लगते ही ये सटोरिए गिरगिट की तरह अपनी जगह बदल लेते हैं।
गुडमंडी वाले ग्रुप का डिजिटल जाल, वाट्सएप पर बदलता है सट्टा वेन्यू :
सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के मुताबिक, शहर के अलग-अलग इलाकों में कई बड़े ग्रुप एक्टिव हैं, जो अपने-अपने फिक्स इलाकों और होटलों में करोड़ों का जुआ करवाते हैं। इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में चल रहा गुडमंडी वाले युवक का ग्रुप अब फिरोजपुर रोड से बोरिया-बिस्तर समेटकर पखोवाल रोड के होटल में शिफ्ट हो चुका है। इन सटोरियों ने पुलिस से बचने के लिए एक बेहद सीक्रेट वाट्सएप गेम ग्रुप बनाया हुआ है। इस ग्रुप में केवल चुनिंदा और भरोसेमंद पंटर्स या जुआ खेलने के शौकीन ही एड हैं। जैसे ही रात के खेल का होटल बदला जाता है, ग्रुप के एडमिन द्वारा तुरंत उस पर नया गुप्त एड्रेस और कोड वर्ड डाल दिया जाता है, जिसे देखते ही रईसजादे और सटोरिए सीधे वहां पहुंच जाते हैं।
शाम 5 से तडक़े 4 बजे तक चली बाजी, पुलिस को भनक नहीं लगी।
सूत्रों से पता चला है कि कल शाम ठीक पांच बजे से लेकर तडक़े सुबह चार बजे तक पखोवाल रोड के उस होटल में करोड़ों रुपये का जुआ खेला गया और ताश के पत्तों पर बड़ी-बड़ी गड्डियां दांव पर लगीं। हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी रात चले इस काले खेल की स्थानीय पुलिस को भनक तक नहीं लगी या फिर जानबूझकर आंखें मूंद ली गईं। अगर पुलिस कमिश्नरेट की विशेष टीम मुस्तैदी दिखाते हुए सिर्फ उस गुडमंडी वाले मुख्य युवक को राउंड-अप लेकर कड़ाई से पूछताछ करे, तो लुधियाना में चल रहे इस पूरे पांच सितारा जुआ नेटवर्क का कच्चा चि_ा पुलिस के हाथ लग सकता है।