Edited By Kamini,Updated: 04 Sep, 2026 06:26 PM

पुलिस ने डुप्लीकेट पनीर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): थाना सिटी-2 बरनाला की पुलिस ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान पुलिस ने 600 kg डुप्लीकेट पनीर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी से पनीर ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही पिकअप गाड़ी भी जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार, सहायक सब-इंस्पेक्टर गुरतेज सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति डुप्लीकेट पनीर लेकर पिकअप गाड़ी में संगरूर से बरनाला की ओर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस ने संगरूर से बरनाला की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप नंबर HR-62A-8403 को रोककर तलाशी ली। गाड़ी से 600 kg डुप्लीकेट पनीर बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी में सवार आरोपी गुरविंदर सिंह, पुत्र भूपिंदर सिंह, निवासी बखोरा कलां, जिला संगरूर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बरामद पनीर और पिकअप गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पनीर कहां से लाया गया था और बरनाला में इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here