Edited By Subhash Kapoor,Updated: 16 Oct, 2026 08:17 PM

पंजाब भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आज संगरूर में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी की...
संगरूर/चंडीगढ़ : पंजाब भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आज संगरूर में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के बाद बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के कारण आम लोगों, व्यापारियों, कर्मचारियों और युवाओं को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पंजाब में भाजपा की डबल इंजन सरकार की आवश्यकता पर जोर देते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की सभी समस्याओं का समाधान भाजपा ही कर सकती है। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी की बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी की संगठनात्मक एवं भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करने के साथ-साथ पंजाब सरकार की नाकामियों को लेकर आरोपपत्र प्रस्तुत करना भी था।
मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष
ढिल्लों ने बताया कि बैठक में जहां वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति पर मंथन किया गया, वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रशंसा प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल का उल्लेख किया गया।
बैठक की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों द्वारा पार्टी का झंडा फहराकर की गई। उद्घाटन सत्र के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा पर चर्चा की शुरुआत करते हुए प्रशंसा प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव पर चर्चा में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोरंजन कालिया, विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा तथा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पंजाब के पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने भाग लिया। चर्चा के बाद यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

संगठनात्मक एवं भविष्य की रणनीति
बैठक का एक प्रमुख सत्र ‘ऑर्गनाइजेशन एंड फ्यूचर प्लान’ पर केंद्रित रहा, जिसे पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने संबोधित किया। इस सत्र में प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्रीनिवासुलु ने संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीति के बारे में जानकारी दी। इसके बाद प्रदेश सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा तथा प्रदेश सह-प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद अलका गुर्जर ने भी अपने विचार रखे।
नशामुक्त पंजाब यात्रा और ‘आप’ सरकार की नाकामियां
‘पंजाब सरकार की नाकामियां’ विषय पर बोलते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला, अविनाश राय खन्ना और श्वेत मलिक ने राज्य सरकार को विभिन्न मोर्चों पर विफल करार दिया। बैठक में भाजपा की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ की समीक्षा की गई तथा नशे के विरुद्ध अभियान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इसके साथ ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ के संबंध में प्रदेश महामंत्री राजेश बाघा और रजनीश धीमान ने विस्तार से अपने विचार प्रस्तुत किए।
‘आप’ के खिलाफ आरोपपत्र और भाजपा का चुनावी घोषणापत्र
आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ तैयार किए गए आरोपपत्र पर राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने चर्चा की, जबकि पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुनील जाखड़ ने पार्टी के चुनावी घोषणापत्र से संबंधित विषयों पर जानकारी साझा की। दिनभर चली इस बैठक में संगठनात्मक समीक्षा, जनहित के मुद्दों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अंत में प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के संबोधन के साथ बैठक का समापन हुआ।