अवैध पटाखा फैक्टरी का पर्दाफाश; विस्फोटक सामग्री बरामद, 3 के खिलाफ केस दर्ज

Edited By Kalash,Updated: 14 Oct, 2026 05:49 PM

illegal firecracker factory bust

आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर मालेरकोटला पुलिस ने गांव देहलीज कलां में बिना लाइसेंस अवैध रूप से पटाखे बनाने, विस्फोटक सामग्री तैयार करने और स्टोर करने वाली इकाई का पर्दाफाश किया है।

मालेरकोटला (भुपेश): आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर मालेरकोटला पुलिस ने गांव देहलीज कलां में बिना लाइसेंस अवैध रूप से पटाखे बनाने, विस्फोटक सामग्री तैयार करने और स्टोर करने वाली इकाई का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से पटाखे तैयार करने में प्रयुक्त भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस संबंध में 3 मुख्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जबकि सावधानी के तौर पर 3 अन्य व्यक्तियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। नामजद आरोपियों की पहचान आफताब खान पुत्र अब्दुल निवासी सरपुरबासी (थाना शाहपुर, तहसील बुढ़ाना, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) हाल निवासी देहलीज कलां, जलालुद्दीन उर्फ जानी निवासी देहलीज कलां और सुमित बंसल निवासी बांस बाजार, मालेरकोटला के रूप में हुई है।

एस.एस.पी. हरकमल प्रीत सिंह खख ने बताया कि यह कार्रवाई एस.पी. (डी) रमनदीप भुल्लर, डी.एस.पी. सुमित सूद और मुख्य अधिकारी थाना सदर अहमदगढ़ के नेतृत्व में अमल में लाई गई। 13 अक्तूबर की शाम को जब थाना सदर अहमदगढ़ की पुलिस टीम गश्त पर थी, तो मुखबिर खास ने सूचना दी कि गांव देहलीज़ कलां स्थित 'साइमन पैलेस' में आफताब खान अवैध रूप से पटाखे तैयार कर रहा है। यह जगह जलालुद्दीन उर्फ जानी की है, जबकि पटाखे बनाने के लिए कच्चा माल सुमित बंसल द्वारा सप्लाई किया जा रहा था। इनके पास पटाखे बनाने या स्टोर करने का कोई भी कानूनी लाइसेंस मौजूद नहीं था। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर मौके से विस्फोटक सामग्री जब्त कर ली। इस संबंध में थाना सदर अहमदगढ़ में एफ.आई.आर. नंबर 213, तिथि 13-10-2026 को विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9-बी(1)(ए), 9-बी(2) और भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एस.एस.पी. खख ने कहा कि रिहायशी इलाके के नजदीक बिना किसी सुरक्षा प्रबंधों के पटाखे बनाना बेहद खतरनाक है, जहां छोटी-सी लापरवाही भी भयानक हादसे का रूप ले सकती थी। उन्होंने बताया कि मौके पर काम कर रहे 3 अन्य व्यक्तियों की भूमिका और कच्चे माल की सप्लाई चेन की गहराई से जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। एस.एस.पी. ने आम लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध रूप से पटाखे या विस्फोटक सामग्री का निर्माण अथवा भंडारण होता दिखाई दे तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि किसी भी संभावित जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

और ये भी पढ़े


     

    Related Story

      img title
      img title

      Be on the top of everything happening around the world.

      Try Premium Service.

      Subscribe Now!