Edited By VANSH Sharma,Updated: 27 Mar, 2026 08:35 PM

कलानौर पुलिस स्टेशन के अधीन आते गांव अलावलपुर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है।
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): कलानौर पुलिस स्टेशन के अधीन आते गांव अलावलपुर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 तोले सोने के गहने और लगभग 4 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी देते हुए रणजीत सिंह और उनके पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि घटना का पता सुबह करीब 3 बजे चला। उनका छोटा बेटा जब उठकर बाहर आया तो उसने देखा कि स्टोर वाले कमरे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और सारा सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे करीब 20 तोले सोने के गहने और 4 लाख रुपये नकद गायब हैं।
परिवार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस स्टेशन कलानौर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और चोरों की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, इस चोरी की घटना के बाद गांव के लोगों में डर का माहौल है और लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here