Edited By Subhash Kapoor,Updated: 24 Jul, 2026 08:05 PM

देशभर में नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर जारी विरोध के बीच जालंधर में भी छात्रों और विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए केंद्र सरकार के...
जालंधर: देशभर में नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर जारी विरोध के बीच जालंधर में भी छात्रों और विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में विभिन्न छात्र संगठनों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
छात्रों का कहना था कि देशभर में इस मामले को लेकर भारी आक्रोश है और सरकार को परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सख्त नीति लागू करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान एडवोकेट नईम खान ने भी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग उचित नहीं है और उनकी आवाज को सुना जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नीट पेपर लीक मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई और छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।