Edited By Subhash Kapoor,Updated: 28 Sep, 2026 08:33 PM

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में हुई हिंसा और बाहरी लोगों की कथित मौजूदगी को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा पंजाब के प्रवक्ता चेतन मोहन जोशी ने इस मामले को लेकर पंजाब सरकार पर सवाल उठाए हैं।
फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में हुई हिंसा और बाहरी लोगों की कथित मौजूदगी को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा पंजाब के प्रवक्ता चेतन मोहन जोशी ने इस मामले को लेकर पंजाब सरकार पर सवाल उठाए हैं।
चेतन मोहन जोशी ने आरोप लगाया कि हजारों छात्रों की मौजूदगी के बीच कुछ शरारती तत्व कैंपस में पहुंच गए और स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने इसे पंजाब में कानून-व्यवस्था से जुड़ी बड़ी लापरवाही बताया और कहा कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी पंजाब सरकार की बनती है।
भाजपा नेता ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद बाहरी लोगों के कैंपस में प्रवेश करने और हंगामा होने पर सवाल उठता है कि पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं थी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से छात्रों और उनके अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो सकती है।
जोशी ने आरोप लगाया कि इस घटना से शिक्षण संस्थान की छवि प्रभावित हुई है और छात्रों के भविष्य पर भी इसका असर पड़ सकता है। उन्होंने पंजाब सरकार पर छात्रों के अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी सरकार को भी निशाने पर लिया।
गौरतलब है कि LPU में हुई हिंसा के बाद पंजाब पुलिस ने बाहरी लोगों की संभावित भूमिका की जांच के लिए SIT गठित की है। पुलिस के अनुसार, कैंपस से वॉकी-टॉकी मिलने की भी जांच की जा रही है। वहीं, पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं।