Edited By Vatika,Updated: 29 May, 2026 02:18 PM

महानगर के वेरका मिल्क प्लांट के नजदीक बहती नहर पर उस समय सनसनी फैल गई और लोगों की सांसें अटक गईं,
लुधियाना(राज): महानगर के वेरका मिल्क प्लांट के नजदीक बहती नहर पर उस समय सनसनी फैल गई और लोगों की सांसें अटक गईं, जब सुबह-सुबह एक बुजुर्ग महिला ने अचानक नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। महिला को मौत के मुंह में कूदते देख वहां से गुजर रहे राहगीरों के होश उड़ गए। लोगों ने बिना एक पल गंवाए तुरंत जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया और आसपास के राहगीरों व स्थानीय लोगों को इकट्ठा किया।
इसी बीच भीड़ में से एक जांबाज शख्स मसीहा बनकर सामने आया, जिसने अपनी जान की परवाह न करते हुए उफनती नहर में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग महिला को सही-सलामत पानी से बाहर निकाल लाया। जिस समय यह पूरी घटना घटी, उससे कुछ ही दूरी पर ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात थे, जो शोर शराबा सुनते ही तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही थाना सराभा नगर के अंतर्गत आती चौकी रघुनाथ एंक्लेव की पुलिस को भी तुरंत सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम भी बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत गंभीर हालत में बुजुर्ग महिला को संभाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। उधर, रघुनाथ एंक्लेव पुलिस चौकी की टीम ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस बुजुर्ग महिला ने इतना बड़ा आत्मघाती कदम क्यों उठाया? क्या वह किसी पारिवारिक परेशानी से जूझ रही थी या फिर इसके पीछे कोई और मानसिक तनाव था। पुलिस महिला के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि उसके बयान दर्ज कर परिजनों से संपर्क साधा जा सके।