लुधियाना में जमीनी रंजिश पर चली गोलियां, समझौता कराने गए बुजुर्ग की ह+त्या

Edited By Vatika,Updated: 24 Jun, 2026 08:40 AM

firing in ludhiana

मृतक शिंदर सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना डेहलों की पुलिस ने भारी बल के साथ

लुधियाना(राज) : महानगर के अधीन आते थाना डेहलों के अंतर्गत पड़ते गांव टिब्बा में मंगलवार देर शाम जमीनी रंजिश के चलते एक बेहद सनसनीखेज और खूनी वारदात होने का मामला सामने आया है। यहां दो सगे भाइयों के बीच चल रहे जमीन के झगड़े में बीच-बचाव और समझौता करवाने गए एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पड़ोसी की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के दौरान मौके पर 3 से 4 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें से एक गोली बुजुर्ग को जा लगी। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। मृतक शिंदर सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना डेहलों की पुलिस ने भारी बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मुख्य आरोपी गोपी पंडित समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

जमीन के एक टुकड़े को लेकर चल रहा था गंभीर विवाद
जानकारी देते हुए जांच अधिकारी गुरबीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गांव टिब्बा के रहने वाले 70 वर्षीय शिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गांव के ही रहने वाले दो भाइयों जीवन सिंह और मेहर सिंह के बीच पिछले काफी समय से जमीन के एक टुकड़े को लेकर गंभीर विवाद चल रहा था। दोनों भाई अक्सर इस बात को लेकर आमने-सामने आ जाते थे और एक-दूसरे के घर जाकर गाली-गलौज व झगड़ा करते थे। मंगलवार शाम को भी जमीन के इसी मसले को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गया। पड़ोसी होने के नाते बुजुर्ग शिंदर सिंह ने इंसानियत के नाते दोनों भाइयों के घर जाकर मामला शांत करवाने और आपस में बैठकर समझौता करवाने का प्रयास किया ताकि रोज-रोज का क्लेश खत्म हो सके।

दोनों पक्षों के बीच चलने लगे लात-घूंसे
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, शिंदर सिंह दोनों पक्षों को समझा ही रहे थे कि तभी दोनों भाइयों और उनके समर्थकों के बीच तीखी तकरार शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे और सरेआम हाथापाई होने लगी। बुजुर्ग शिंदर सिंह ने आगे बढक़र जैसे ही दोनों गुटों को अलग करने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तभी वहां मौजूद एक युवक ने तैश में आकर अपने अवैध हथियार से ताबड़तोड़ तीन से चार राउंड फायर झोंक दिए। गोलीबारी के दौरान एक गोली सीधे बुजुर्ग शिंदर सिंह के शरीर के महत्वपूर्ण हिस्से में जा धंसी। गोली लगते ही शिंदर सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। गोली चलने की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से गोलियों के खोल बरामद किए हैं। मृतक शिंदर सिंह के रोते-बिलखते परिजनों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी गोपी पंडित और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ हत्या और आम्र्स एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया मुकम्मल कर ली गई है। पुलिस की सीआईए और स्थानीय टीमें आरोपियों के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी गोपी पंडित और उसके साथियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!