Edited By Sunita sarangal,Updated: 11 Jun, 2026 02:51 PM

इस मामले की जांच पुलिस चौकी कमालके के प्रभारी गुरप्रीत सिंह द्वारा की जा रही है।
मोगा(आजाद): मोगा जिले के गांव चक्क कन्नियां निवासी गुरबचन सिंह को कंबाइन बनाकर देने का झांसा देकर सरहंद के एक व्यक्ति द्वारा 36 लाख 50 हजार रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जांच के बाद धर्मकोट पुलिस द्वारा कथित आरोपी मनजीत सिंह मैसर्ज दीवान एग्री वर्क्स जी.टी. रोड सरहंद फतेहगढ़ साहिब के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच पुलिस चौकी कमालके के प्रभारी गुरप्रीत सिंह द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दिए शिकायत पत्र में गुरबचन सिंह निवासी गांव चक्क कन्नियां कलां ने कहा कि उसने दीवान एग्री कल्चर वर्क्स जी.टी. रोड सरहंद फतेहगढ़ साहिब के मालिक मनजीत सिंह से कंबाइन बनाकर देने की बात की थी। उन्होंने उसके कहने पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाहकोट से कर्जा भी पास करवा लिया। मनजीत ने कहा कि कंबाइन पर 46 लाख 50 हजार 57 रुपए खर्च होंगे। जिस पर उसने डेढ़ लाख रुपए उन्हें 31 मई 2025 को नकद दे दिए और बाद में 38 लाख रुपए का कर्जा पास करवा लिया। जिसके पैसे मनजीत सिंह के खाते में चले गए।
इसके बाद मनजीत ने उन्हें कहा था कि वह कंबाइन पर ए.सी. कैबिन बनाकर देगा लेकिन उसने कैबिन नहीं बनाया और 10 लाख रुपए वापस कर दिए। जब उन्होंने मनजीत से कंबाइन देने के लिए कहा, तो वह टाल-मटोल करने लगा। जबकि कंबाइन की रजिस्ट्रेशन उनके नाम पर बन चुकी है और वह अपने कर्जे का 1 लाख 78 हजार रुपए ब्याज भी भर चुका है और उसे अपनी फसल भी किसी अन्य व्यक्ति से कटवानी पड़ी।
उसने कई बार पंचायत के माध्यम से भी उसके साथ बात की या तो वह उसे कंबाइन तैयार करके दे दे या फिर उसके पैसे वापस कर दे परन्तु वह टाल-मटोल करता रहा। इस तरह उसने करीब 36 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की है।
जिला पुलिस अधीक्षक मोगा के निर्देश पर इसकी जांच धर्मकोट पुलिस द्वारा की गई। जिसे कानूनी राय हासिल करने के बाद कथित आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि जांच समय दोनों पक्षों को अपना पक्ष पेश करने के लिए बुलाया गया था। चौकी प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि कथित आरोपी को काबू करने के लिए छापामारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here