Edited By Urmila,Updated: 28 Sep, 2026 03:19 PM

मोगा में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब साढ़े 32 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।
मोगा (विपन): मोगा में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब साढ़े 32 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। इतना ही नहीं, बुजुर्ग की एफ डी के आधार पर करीब 11 लाख रुपये का कर्ज भी लिए जाने की जानकारी सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि खाते से डिजिटल लेन-देन ऐसे मोबाइल नंबर के जरिए हुआ, जो करीब दो साल से बंद बताया जा रहा है।
मामला मोगा के बेदी नगर की मंदिर वाली गली का है, जहां रहने वाले बुजुर्ग कुलवंत सिंह का पंजाब एंड सिंध बैंक की गोधेवाला शाखा में खाता है।
कुलवंत सिंह ने बैंक में लाखों रुपये की एफ डी करवा रखी थी। जुलाई महीने में जब वह एफ डी के नवीनीकरण के लिए बैंक पहुंचे तो खाते की जांच के दौरान उन्हें अपने साथ हुई कथित साइबर ठगी का पता चला।
जानकारी के मुताबिक, उनके बैंक खाते से डिजिटल तरीके से करीब 32 लाख 50 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा उनकी एफ डी को आधार बना कर करीब 11 लाख रुपये का कर्ज लिए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि खाते से डिजिटल लेन-देन उस मोबाइल नंबर के जरिए हुआ, जो करीब दो साल से बंद पड़ा था। इसके बावजूद इस नंबर से जुड़े डिजिटल लेन-देन के जरिए बड़ी रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच साइबर सेल को सौंपी गई। जांच के बाद साइबर थाना मोगा में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डी एस पी-डी जतींदर सिंह ने बताया कि कुलवंत सिंह के खाते में डिजिटल तरीके से लेन-देन हुआ है। बैंक की तरफ से उन्हें खाते से हुई संदिग्ध ट्रांजैक्शन के बारे में जानकारी दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अब खाते से हुई सभी ट्रांजैक्शन, डिजिटल रिकॉर्ड और रकम जिन-जिन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इस मामले में साइबर थाना मोगा में 24 सितंबर 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामला धारा 318, 61 और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत दर्ज किया गया है।
डीएसपी जतींदर सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते का OTP, PIN, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। पुलिस ने लोगों को किसी भी संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज या लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधानी बरतने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here